छत्तीसगढ़

जून में एकमुश्त मिलेगा तीन माह का चावल

ई-केवाईसी अनिवार्य

मनेद्रगढ़ (सुरेंद्र गुप्ता)। जिले के समस्त राशन कार्ड धारकों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के अंतर्गत लाभान्वित होने वाले सभी कार्ड धारकों को आगामी माह जून में तीन माह – जून, जुलाई एवं अगस्त का चावल एकमुश्त वितरित किया जाएगा। प्रशासन ने इसके लिए भंडारण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
खाद्य विभाग के अनुसार चावल के अतिरिक्त अन्य राशन सामग्री की आपूर्ति नागरिक आपूर्ति निगम के स्टॉक की उपलब्धता के अनुसार जून से अगस्त माह तक प्रति माह पृथक-पृथक रूप से की जाएगी। राशन का वितरण जिले की सभी शासकीय राशन दुकानों के माध्यम से किया जाएगा। सभी पात्र हितग्राही अपने राशन कार्ड के अनुसार तीन माह की चावल सामग्री एक साथ प्राप्त कर सकेंगे।
इसके साथ ही विभाग ने सभी राशन कार्डधारियों के लिए ई-केवाईसी को अनिवार्य कर दिया है। जिन राशन कार्ड धारियों का ई-केवाईसी अब तक नहीं हुआ है, उन्हें 31 मई तक अनिवार्य रूप से यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
राशन कार्ड में जितने भी सदस्य दर्ज हैं, उन सभी का ई-केवाईसी कराना आवश्यक है। ई-केवाईसी पूर्ण न होने की स्थिति में राशन वितरण में बाधा आ सकती है।

Related Articles

Back to top button