छत्तीसगढ़

एमसीबी डीईओ भ्रष्ट है के नारों की गूंजी गूंज

कांग्रेसी पुलिस के बेरीकेट्स तोडक़र डीईओ कार्यालय परिसर में घुसकर किया प्रदर्शन

मनेन्द्रगढ़ (सुरेंद्र गुप्ता) । प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशन में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को एमसीबी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में कांग्रेस जनों ने एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ शहर के गांधी चौक से भाजपा सरकार के युक्तिकरण के विरोध में शिक्षा न्याय यात्रा निकाल कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेसियों द्वार काफी संख्या में गांधी चौक से पैदल शिक्षा न्याय यात्रा निकालकर शहर का भ्रमण करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंच कर कार्यालय का घेराव किया। जबकि शासन द्वारा घेराव कर रहे कांग्रेसियों को रोकने का भरपूर प्रयास किया। पुलिस द्वारा गेट को बंद कर बेरिकेट्स लगा दिया गया था परंतु उसके बावजूद भी कांग्रेसियों के आक्रोश को पुलिस नहीं संभाल सकी और कांग्रेसी दोनों गेट पर लगे बेरिकेट्स को तोडक़र जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में घुसकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और कार्यालय का घेराव किया।


कांग्रेसजन डीईओ कार्यालय परिसर में धरना में बैठकर डीईओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अब तो यह स्पष्ट है एमसीबी डीईओ भ्रष्ट है के नारों से डीईओ कार्यालय परिसर गूंज रहा था । डीईओ कार्यालय में ताला लटका हुआ था और डीईओ कार्यालय में नहीं थे। कांग्रेसियों ने ताला में भाजपा का गमछा लटका दिया था। डीईओ कार्यालय घेराव के दौरान एमसीबी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण सरकारी शिक्षा व्यवस्था चौपट हो गयी । युक्तियुक्तकरण रोजगार विरोधी, शिक्षा विरोधी कदम है। इससे प्रदेश में 45000 से अधिक शिक्षकों के पद समाप्त हो जायेंगे। 10463 स्कूल सीधे तौर पर बंद कर दिये गये है, नये सेटअप के नाम पर स्कूलों में शिक्षकों के न्यूनतम पदों की संख्या में कटौती करके शिक्षक के हजारों पद खत्म कर दिया गया है। वर्तमान में छत्तीसगढ़ में प्राइमरी स्कूलों में 21 छात्रों के बीच एक शिक्षक है, इस अनुपात को बढ़ाकर 30 छात्र प्रति शिक्षक और इसी तरह मीडिल स्कूलों में 26 छात्र प्रति शिक्षक के रेसियो को बढ़ाकर 35 छात्र प्रति शिक्षक किया जा रहा है। जिससे शिक्षकों के एक तिहाई पद खत्म हो जायेंगे। नये शिक्षकों की भर्तियां न करनी पड़ी इसलिए भाजपा की साय सरकार युक्तियुक्तकरण कर रही है ।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि एमसीबी जिला स्तर पर युक्तियुक्तकरण के तहत जो सूची जारी की गई है वह पूरी सूची विसंगति पूर्ण है उस सूची को निरस्त कर पुन: काउंसलिंग की जाय । युक्तियुक्तकरण में गड़बड़ी करने के कारण बीईओ को निलंबित किया गया है। इससे साफ स्पष्ट है कि युक्तियुक्तकरण में भारी गड़बड़ी है।
डीईओ कार्यालय घेराव के दौरान पूर्व विधायक गुलाब कमरो, डॉ विनय जायसवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश शर्मा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, प्रभा पटेल, सुरेन्द्र सिंह माखीजा, हारुन मेमन, रफीक मेमन, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष हाफिज मेमन, बलबीर सिंह अरोड़ा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष निर्मला चतुर्वेदी सहित काफी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button