छत्तीसगढ़

एनटीपीसी सीपत में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस : सामूहिक योगाभ्यास में गूंजा ‘योग से जीवन संवारें’ का संदेश

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। एनटीपीसी सीपत में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास का भव्य आयोजन सामुदायिक भवन परिसर में किया गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी 21 जून 2025 को आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारियों, उनके परिजनों, स्कूली बच्चों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व बाल भारती पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी सीपत की योग शिक्षिका द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों और प्राणायामों का अभ्यास कराया। साथ ही योग से मिलने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख विजय कृष्ण पाण्डेय ने सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘योग न केवल स्वास्थ्य का मूल है, बल्कि जीवन को संतुलित और सकारात्मक दिशा देने का माध्यम भी है। योग और प्राणायाम को हम सभी को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।’
इस सामूहिक योग कार्यक्रम में महाप्रबंधकगण, संगवारी महिला समिति की वरिष्ठ सदस्याएं, बाल भारती पब्लिक स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, नगर परिसर के अधिकारी-कर्मचारी एवं उनके परिवारजनों ने बढ़-चढक़र भागीदारी की।
योग दिवस के पूर्व एनटीपीसी परिसर में चार दिवसीय योग शिविर का भी आयोजन किया गया था, जिससे कर्मचारियों एवं उनके परिवार के सदस्यों को योग का गहन प्रशिक्षण मिला और उन्होंने इसका भरपूर लाभ उठाया।

Related Articles

Back to top button