सीपत कन्या स्कूल में में पाँच दिवसीय योग शिविर संपन्न, दुबे सिंह कश्यप ने किया शुभारंभ – ‘योग से ही जीवन में संतुलन संभव’

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। आयुष विभाग छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. यशपाल सिंह ध्रुव के मार्गदर्शन में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीपत में 17 जून से 21 जून तक पाँच दिवसीय योग शिविर का सफल आयोजन किया गया।
इस शिविर का आयोजन शासकीय आयुर्वेद औषधालय सीपत द्वारा किया गया। शिविर का शुभारंभ क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दुबे सिंह कश्यप के मुख्य आतिथ्य में किया गया। श्री कश्यप ने भगवान धनवंतरि के चित्र पर माल्यार्पण कर शिविर की शुरुआत की।
उन्होंने अपने उद्बोधन में योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया और कहा, ‘योग ही ऐसा माध्यम है, जिससे तन, मन और जीवन में संतुलन स्थापित कर स्वस्थ समाज की कल्पना की जा सकती है।’ इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि श्रीमती प्रमिला सिदार एवं विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती ए. बी. कुजूर उपस्थित रहीं। शिविर प्रभारी डॉ. अरुण सिंह (आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, सीपत) ने ‘योगा संगम’ एवं ‘हरित योगा’ थीम पर आधारित शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘योग सिर्फ व्यायाम नहीं, यह जीवन की पूर्ण शैली है। इसके निरंतर अभ्यास से न केवल बीमारियों से बचा जा सकता है बल्कि मानसिक शांति भी प्राप्त होती है।’
पाँच दिवसीय इस योग शिविर में ग्रामीणजन, मितानिन, शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षक श्वेता श्रीवास द्वारा भद्रासन, वज्रासन, वृक्षासन, सूर्य नमस्कार, भुजंगासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, शीतली, शवासन आदि योगासनों का विधिवत अभ्यास कराया गया। शिविर को सफल बनाने में श्रीमती ए. बी. कुजूर, श्री कृष्ण कुमार, अरुण जसवाल, रूपेश राठे, गीता प्रजापति, वीणा शर्मा, श्यामा तिवारी, आरती त्रिपाठी, अनुराधा माणिकपुरी, मनहरण लाल, सतीश वर्मा, रामखिलावन कौशिक, हेमीन बाई, मुन्नी बाई सहित कई गणमान्य जनों का विशेष योगदान रहा।



