छत्तीसगढ़

पंधी में भीषण सडक़ हादसा: मां-बेटे की मौके पर दर्दनाक मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया तीन घंटे चक्काजाम

अब नहीं चलेगी लापरवाही की रफ्तार: पंधी हादसे के बाद प्रशासन ने दिए एक्शन के संकेत

ओवरस्पीड और ओवरलोडिंग पर बवाल – अब बनेगा स्पीड ब्रेकर, प्रशासन ने दिए कड़े एक्शन के संकेत

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। शुक्रवार की रात पंधी गांव में एक भीषण सडक़ दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कथा-पूजन से लौट रही मां-बेटे की तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ सडक़ पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यह जाम करीब 3 घंटे तक चला, जिससे दोनों ओर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। हादसा रात करीब 9:20 बजे ग्राम पंधी स्थित यादव ढाबा के सामने हुआ। जांजी निवासी सकुनबाई क्षत्रिय (50 वर्ष) अपने बेटे हरीश सिंह (उम्र 28 वर्ष) के साथ एचएफ डीलक्स बाइक से कथा-पूजन से लौट रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन बहुत तेज था और लापरवाही से चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामवासियों, परिजनों और जनप्रतिनिधियों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई और सभी ने ओवरलोड वाहनों पर रोक, स्पीड ब्रेकर निर्माण और मृतकों को उचित मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया।
सूचना पर एएसपी रामगोपाल करियारे, डीएसपी सिद्धार्थ बघेल, तहसीलदार सोनू अग्रवाल सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों को 25-25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता देने की घोषणा की, साथ ही हादसे वाले स्थानों पर स्पीड ब्रेकर निर्माण और ओवरलोड/ओवरस्पीड वाहनों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के जरिए अज्ञात ट्रेलर की पहचान की जा रही है और पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button