मस्तूरी क्षेत्र के शासकीय कॉलेजों में विधायक प्रतिनिधियों की नियुक्ति, सीपत से वीरेंद्र सूर्या को मिली बड़ी जिम्मेदारी
Appointment of MLA representatives in government colleges of Masturi area, Virendra Surya from Sipat got big responsibility

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षा व विकास को गति देने के उद्देश्य से क्षेत्रीय विधायक श्री दिलीप लहरिया ने अपने तीनों प्रमुख कॉलेजों में विधायक प्रतिनिधियों की नियुक्ति की है। इस पहल को क्षेत्र में विकास और शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस नियुक्ति के तहत शासकीय मदनलाल शुक्ल स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीपत में विधायक प्रतिनिधि के रूप में वीरेंद्र सूर्या को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं शासकीय पातालेश्वर स्नातकोत्तर महाविद्यालय मस्तूरी में साहिल मधुकर और शासकीय नवीन महाविद्यालय पचपेड़ी में श्रीमती किरण संतोष यादव को मनोनीत किया गया है।

विधायक लहरिया ने बताया कि ये नियुक्तियां महाविद्यालयों में संसाधनों की कमी, शैक्षणिक आवश्यकताओं, प्राध्यापकों की नियुक्ति, भवन मरम्मत, पुस्तकालय व प्रयोगशालाओं के सुदृढ़ीकरण जैसे मुद्दों पर सीधे संवाद और समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से की गई हैं। हम चाहते हैं कि छात्रों को न केवल बेहतर पढ़ाई मिले बल्कि उन्हें इंटर्नशिप, प्रशिक्षण और नौकरी के अवसर भी महाविद्यालय परिसर में ही सुलभ हों। सीपत प्रतिनिधि वीरेंद्र सूर्या ने विधायक लहरिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह न सिर्फ मेरे लिए एक सम्मान की बात है, बल्कि युवाओं की उम्मीदों पर खरा उतरने की जिम्मेदारी भी है।
मैं महाविद्यालय परिवार, छात्रों और प्राध्यापकों के साथ समन्वय बनाकर शिक्षा और विकास के हर पहलू पर सतत कार्य करूंगा। इस नियुक्ति के बाद सीपत क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। महाविद्यालय परिवार, छात्र और जनप्रतिनिधियों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए विधायक दिलीप लहरिया का आभार जताया है। क्षेत्र में माना जा रहा है कि इस पहल से कॉलेजों में नई ऊर्जा और सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।


