शाला प्रवेशोत्सव : निरंतर स्कूल आना बनाएगा आपको निपुण छात्र : जनपद सदस्य देवेश शर्मा
School Entrance Festival: Regularly coming to school will make you an expert student: District Member Devesh Sharma

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ग्राम पंचायत धनियां स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना एवं पूजन से हुई, जिससे शिक्षा की पावन साधना को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद सदस्य देवेश शर्मा रहे, जिन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने की प्रेरणा देते हुए कहा, निरंतर स्कूल आना ही सफलता की कुंजी है, इससे बच्चों की समझ और पढ़ाई दोनों में निरंतर निखार आता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला विकास समिति के अध्यक्ष मदनलाल पाटनवार ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में दुष्यंत यादव, सरपंच ग्राम पंचायत धनियां, उपस्थित रहे। मंच संचालन डाहरे सर ने प्रभावशाली ढंग से किया। प्रथम उद्बोधन में संकुल समन्वयक मोहम्मद शाहजादा ने शाला प्रवेश उत्सव के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व शिक्षा के प्रति समाज की जागरूकता का प्रतीक है।
विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य उषा जांगड़े ने बीते सत्र के परीक्षा परिणाम की जानकारी दी और विद्यार्थियों के सतत प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच तुषित पाटनवार, पूर्व जनपद सदस्य रमनगिरी गोस्वामी, पुष्पेन्द्र दास (प्रदेश युवा मोर्चा सदस्य), दुष्यंत कुमार साहू, शाला विकास समिति के सदस्यगण, तथा विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं गरिमामयी उपस्थिति में शामिल रहे। विशिष्ट अतिथि दुष्यंत यादव ने अपने वक्तव्य में कहा कि शिक्षा में अनुशासन सबसे आवश्यक तत्व है, क्योंकि यह चरित्र निर्माण की नींव रखता है। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों द्वारा विद्यालय में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी बच्चों को पुस्तकें भेंट की गईं, जिससे छात्रों के चेहरे खिल उठे। यह आयोजन गांव में शिक्षा को लेकर उत्साह और उम्मीद की नई किरण लेकर आया।



