छत्तीसगढ़

मटियारी से उड़ीसा तक फैला था गांजा का नेटवर्क, सीपत पुलिस ने मटियारी में गांजा सप्लायर करने वाली महिला को किया गिरफ्तार

- गांजा गिरोह की महिला मास्टरमाइंड गिरफ्तार, मटियारी में भेजती थी माल

-22.345 किलो गांजा बरामद, 3.36 लाख की कीमत, ईंड टू ईंड इन्वेस्टिगेशन में बड़ी सफलता

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। थाना सीपत पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। मटियारी क्षेत्र में गांजा सप्लाई करने वाली महिला आरोपी को उड़ीसा के बौध जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपिया मिनाती साहू पति दशरथ साहू, उम्र 40 वर्ष, निवासी बिरनरसिंह मौपड़ा, थाना बौध (ओडिशा) को घेराबंदी कर सीपत पुलिस की टीम ने धर दबोचा।
इस मामले में पूर्व में दो आरोपी बालकृष्ण सिसोदिया उर्फ अर्जुन उर्फ भुरू और देवकुमार सूर्यवंशी, दोनों निवासी मटियारी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 22.345 किलोग्राम गांजा जिसकी बाजार कीमत ?3,36,000 आँकी गई, बरामद किया गया था। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खुलासा हुआ कि यह गांजा उड़ीसा से मंगवाया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से) के मार्गदर्शन में ईंड-टू-ईंड जांच करते हुए महिला आरोपी के उड़ीसा में छिपे होने की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने उड़ीसा जाकर दबिश दी और महिला आरोपिया को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई में विशेष भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मी- थाना प्रभारी गोपाल सतपथी, एएसआई शिव बक्साल, प्रधान आरक्षक प्रफुल्ल सिंह, आरक्षक आकाश मिश्रा व महिला आरक्षक प्रीति दास का उल्लेखनीय योगदान रहा।

थाना प्रभारी गोपाल सतपथी का बयान


हम नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं। हमारे लिए हर कड़ी तक पहुँचना जरूरी है, जिससे अपराध की जड़ को खत्म किया जा सके। उड़ीसा से महिला सप्लायर की गिरफ्तारी हमारी टीम की सतर्कता और समर्पण का परिणाम है।

Related Articles

Back to top button