छत्तीसगढ़

‘नवप्रवेशी बच्चों को शिक्षा का उपहार, देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव है’ : रेवाशंकर साहू

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। संकुल केंद्र रांक अंतर्गत जनपद प्राथमिक शाला रांक में सोमवार को बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य रेवाशंकर साहू उपस्थित रहे। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प अर्पित कर और पाठ्यपुस्तकें वितरित कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के निर्माण की असली आधारशिला है। इन बच्चों को स्कूल में प्रवेश दिलाना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर पहला सशक्त कदम है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम उन्हें बेहतर शिक्षण वातावरण और संस्कार दें, जिससे ये देश के जिम्मेदार नागरिक बनें।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विक्रम सिंह सूर्यवंशी, उपसरपंच नंदनी सुरेंद्र राठौर, रामफल राठौर व शुभम राठौर उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों को प्रेरणादायक बातें साझा करते हुए शिक्षा का महत्व बताया। शाला परिवार की ओर से प्रधानपाठक सुधीर कुमार नायक ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान गोवर्धन प्रसाद राठौर, सुरेंद्र कुमार राठौर, फूलसाय सोनवानी, राजकुमार पटेल, श्रीमती रजनी चंद्रा सहित सभी शिक्षकगण, अभिभावकगण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पूरे आयोजन ने बच्चों के मन में शिक्षा के प्रति उत्साह और एक नए सफर की शुरुआत का जोश भर दिया।

Related Articles

Back to top button