

रायपुर। राजधानी रायपुर में झमाझम अनवरत बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर से लेकर प्रदेश भर में बारिश से नदी-नाले उफान पर है। गली-मोहल्लों की सडक़ों में पानी भरने लगा है। मंगलवार को मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ भारी बारिश के आसार हैं। वहीं दुर्ग, बस्तर और बिलासपुर संभाग के जिलों में एक-दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम गंगीय पश्चिम बंगाल और उसके आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे संबंधित चक्रीय परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुक हुआ है। यह अगले दो दिनों दौरान झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ में धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढऩे की संभावना है। इसके प्रभाव से पूरे प्रदेश में आज भारी बारिश के आसार हैं।
मौसम एक्सपर्ट ने बताया कि प्रदेश के दुर्ग, बस्तर और बिलासपुर संभाग में एक दो जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने और गरज चमक के साथ वज्रपात होने की संभावना है। अगले दो दिनों तक ऐसे ही मौसम बने रहने की संभावना है। हालांकि इस बीच मौसम एक्सपर्ट ने राहत की खबर दी है। कुछ दिनों के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। इससे लोगों को राहत मिल सकती है।
राजधानी रायपुर में बीते दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है, जो अब तक जारी है। साथ ही प्रदेश में हो रही झमाझम बारिश से नदी नाले उफान पर हैं। सडक़ें तालाब में तब्दील हो रही है। पिछले 24 घंगते के दौरान प्रदेशभर में बारिश हुई है। वहीं मध्य भागों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई।
बारिश की वजह से राजधानी के गली मोहल्लों जैसे सड्डू, मोवा, भनपुरी, मौदहापारा आदि इलाकों में पानी की निकासी नहीं होने के कारण भरे हैं। इन वजहों से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर गली मोहल्लों में जहां सडक़ों का निर्माण नहीं हुआ है, नाली की गहराई कम व सडक़ों का नहीं बनने की वजह से पानी एक जगह एकत्र हो रही है। जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।



