छत्तीसगढ़

मस्तूरी की गूंज अब विधानसभा में: लहरिया सडक़ों और खाद संकट पर खोलेंगे सरकार की पोल

सदन में गरजेंगे दिलीप लहरिया, किसानों और ग्रामीणों की लड़ाई लडऩे को तैयार

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में अब भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव गहराया हुआ है। कच्ची सडक़ों और खाद संकट जैसी ज्वलंत समस्याओं को लेकर क्षेत्रीय विधायक श्री दिलीप लहरिया आगामी विधानसभा के मानसून सत्र में सरकार को कटघरे में खड़ा करने की तैयारी में हैं। विधायक लहरिया ने स्पष्ट कहा कि आज भी मस्तूरी के कई गांव पक्की सडक़ों की बाट जोह रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसी बुनियादी सेवाएं इस बदहाल सडक़ व्यवस्था के चलते प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने ‘आर्थिक मितव्ययिता’ का हवाला देकर सडक़ों के निर्माण को रोक रखा है, जो उनकी जनविरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

स्वीकृत सडक़ों पर काम ठप, ग्रामीणों में गुस्सा

विधायक लहरिया ने बताया कि शासन द्वारा बहतरा-आमाकोनी मार्ग, सरारा नाला-सबरिया डेरा मार्ग, बिनौरी-हरदी-भगवानपाली केनाल मार्ग जैसे कई मार्गों को स्वीकृति तो दी गई, लेकिन काम अभी तक प्रारंभ नहीं हुआ। वहीं, 2025-26 बजट में प्रस्तावित ,सोनसरी-बसंतपुर-मुकुंदपुर मार्ग, धनगंवा-चिल्हाटी मार्ग, लावर-भोथीडीह-सरसेनी मार्ग, बकरकुदा-मटिया मार्ग सहित अनेक सडक़ें भी विकास के इंतजार में हैं।

खाद संकट पर तीखा हमला, कालाबाजारी का आरोप

खाद संकट को लेकर विधायक लहरिया ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सहकारी समितियों में डीएपी खाद की आपूर्ति रोकी जा रही है, जबकि निजी दुकानों में यही खाद ऊँचे दामों पर खुलेआम बेची जा रही है। ‘सरकार का यह दोहरा रवैया उसकी किसान विरोधी सोच को उजागर करता है। यह सीधा-सीधा कमीशन का खेल है,‘ लहरिया ने कहा। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि केंद्र सरकार डीएपी नहीं भेज रही तो निजी दुकानों में भारी मात्रा में खाद कहां से आ रही है? यह दर्शाता है कि सरकार ने कालाबाजारी को मौन स्वीकृति दे रखी है।

सदन में गरजूंगा, जनता के हक की बात करूंगा : लहरिया

विधायक ने स्पष्ट किया कि वे इन तमाम जनहित के मुद्दों को लेकर विधानसभा के मानसून सत्र में पूरी ताकत से आवाज उठाएंगे। जनता की समस्याओं को सदन में रखकर मैं सरकार को जवाब देने के लिए बाध्य करूंगा। मस्तूरी की जनता की लड़ाई अब सदन की गूंज बनेगी।

Related Articles

Back to top button