छत्तीसगढ़

वक्फ संपत्तियों पर अब सख्ती तय- डॉ. सलीम राज बोले — किराया चुकाओ, वरना दुकान होगी सील

प्रधानमंत्री मोदी के विजन पर जोर — मदरसे के बच्चों के एक हाथ में कुरान, दूसरे में कंप्यूटर जरूरी

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. सलीम राज ने रविवार को सीपत प्रवास के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में वक्फ संपत्तियों के संरक्षण, किरायेदारी व्यवस्था, और मदरसों के आधुनिकीकरण जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. राज ने वक्फ संपत्तियों के दुरुपयोग पर गंभीर नाराजगी जताई और सख्त कार्रवाई के संकेत दिए। उन्होंने बताया कि राज्य में वक्फ की 7,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियाँ हैं, लेकिन इनका सही तरीके से उपयोग नहीं हो रहा है। बिलासपुर जैसे बड़े शहर में जहां दुकानों का बाजार किराया 25 हजार रुपये होना चाहिए, वहीं कुछ किरायेदार महज 500 रुपये में कब्जा जमाए बैठे हैं। अब ऐसे सभी किरायेदारों को नोटिस मिलेगा—जो नया एग्रीमेंट नहीं करेंगे, उनकी दुकानें सील की जाएंगी, उन्होंने दो टूक चेतावनी दी।

हम समाज के लिए काम करते हैं, न कि वोट के लिए : डॉ सलीम
डॉ. सलीम राज ने कहा कि भाजपा सरकार में वक्फ बोर्ड को भूमाफियाओं से मुक्त कराया गया है। उन्होंने कहा कि हम मुसलमानों को वोट बैंक नहीं मानते, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाना चाहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी जी चाहते हैं कि मदरसे के बच्चों के एक हाथ में कुरान हो और दूसरे हाथ में कम्प्यूटर — यही सशक्तिकरण की असली दिशा है।।बैठक में जिला भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष एवं राज्य हज कमेटी सदस्य सैय्यद मकबूल अली ने कहा कि डॉ. सलीम राज के कार्यकाल में वक्फ की संपत्तियों की रक्षा और प्रबंधन व्यवस्था में सराहनीय सुधार आया है। बैठक को सीपत भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, वरिष्ठ नेता द्वारिकेश पांडेय, प्रदेश पिछड़ा वर्ग मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य दिलेन्द्र कौशिक, और जिला मीडिया प्रभारी प्रणव शर्मा ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री हरिकेश गुप्ता ने किया और आभार प्रदर्शन महामंत्री सतीश पाटनवार ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से राज्यवर्धन कौशिक, अभिलेष यादव, मन्नू सिंह, मदनलाल पाटनवार, रामनगिरी गोस्वामी, तुषार चंद्राकर, सलामुद्दीन, फैज़ान अहमद, यूसुफ रज़ा बरकाती, जाहिद खान राजू, बसंत साहू, नागेश्वर सिंह, दौलाराम कैवर्त, रामफल धीवर, एमनलाल साहू, कुलेश्वर पाटनवार, तिरुपति पाटनवार, शुभम यादव, लालू साहू आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button