छत्तीसगढ़

‘छात्र जीवन की दिशा ही राष्ट्र की दशा तय करती है’ – एएसपी अर्चना झा

अभाविप सीपत द्वारा ‘उत्कर्ष’ मेधावी सम्मान समारोह सम्पन्न

26 स्कूलों के 165 विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सीपत इकाई द्वारा एनटीपीसी के संस्कृति क्लब में उत्कर्ष मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर सीपत क्षेत्र के 26 शासकीय व अशासकीय विद्यालयों से चयनित 165 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को मंच पर प्रशस्ति पत्र, मेडल व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंच पर विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए मुख्य अतिथि अभाविप के प्रांत अध्यक्ष डॉ. अमित बघेल ने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल छात्र नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में काम करने वाला संगठन है। परिषद ऐसे युवाओं को मंच देती है, जो आगे चलकर समाज व देश की दिशा बदलने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है, जो समाज और राष्ट्र के प्रति उनके कर्तव्यों को याद दिलाता है। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अर्चना झा ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि छात्र जीवन मिट्टी के कच्चे घड़े की तरह होता है, जैसी सोच, वैसा आकार। आज की बेटियों को निर्भर नहीं, आत्मनिर्भर बनना होगा।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में केवल अंक नहीं, सोच मायने रखती है। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सपने वो नहीं जो सोते वक्त आएं, बल्कि वो हैं जो नींद को भी भुला दें। छात्र जीवन की दिशा ही राष्ट्र की दशा तय करती है। उनके विचारों ने पूरे मंच को उत्साह से भर दिया। अभाविप जिला संयोजक प्रकाश दास मानिकपुरी, नगर मंत्री मिथलेश श्रीवास, जिला छात्रा प्रमुख स्मृति पटेल सहित संगठन के अन्य सदस्यों ने भी मंच से विचार रखे। इस दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी शिवराम टंडन , सीपत मंडल भाजपा अध्यक्ष दीपक शर्मा, थाना प्रभारी गोपाल सतपथी, सतीश पाटनवार, संकुल समन्वयक प्रमोद पांडेय, श्रीकांत श्रीवास, भूती कौशिक, सोनू निर्मलकर जैसे कई शिक्षाविद, अधिकारी और गणमान्यजन मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र बड़ी संख्या में मौजूद रहे। मंच संचालन का कार्य प्रशांत यादव ने सफलतापूर्वक किया। इस गरिमामयी आयोजन ने न केवल विद्यार्थियों को सम्मानित किया, बल्कि उन्हें एक नई ऊर्जा और दिशा भी प्रदान की। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने छात्र शक्ति के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button