
रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद एक बार फिर जलभराव की समस्या ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी है।
शहर के कई इलाकों में सडक़ें पानी में डूब गईं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक समस्या खालसा स्कूल और अनुपम गार्डन चौक क्षेत्र में देखने को मिली, जहां नाली का गंदा पानी सडक़ पर बहने लगा।
आफिस जाने वालों और स्कूल जाने वाले बच्चों को जलभराव के कारण काफी दिक्कतें हुईं। पिछले दिनों महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम के जोन कमिश्नरों को साफ-सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश की हर बौछार के साथ यह समस्या बार-बार सामने आती है, लेकिन निगम सिर्फ बैठकों और चेतावनियों तक सीमित रह गया है।
यही स्थिति गली मोहल्लों में भी देखी जा सकती है। भनपुरी में तो नाली की स्थिति बहुत ही खराब है। थोड़े से ही बारिश में नाली का पानी भर जाता है। कई बार नाली का निर्माण न होना इसका मुख्य कारण है। अधिकांश जगहों में नाली की गहराई कम होने के कारण यह समस्या पैदा होती है। लेकिन यहां के पार्षद को लोगों को समस्या की कोई परवाह नहीं है, न तो नाली का निर्माण हो पा रहा है और न ही सडक़ों का।
अब देखने वाली बात होगी कि महापौर अपनी चेतावनी को अमल में लाती हैं या यह भी सिर्फ एक बयानबाजी बनकर रह जाएगी।



