नाले में बहे तेजस को विधायक लहरिया ने दी श्रद्धांजलि, शोक में डूबे परिवार से मिले, विधायक बोले – हादसे से सबक लेकर ठोस कार्ययोजना बनाए प्रशासन
एक मासूम की मौत ने पूरे समाज को झकझोरा है, अब सिर्फ संवेदना नहीं समाधान चाहिए : विधायक लहरिया

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। तुंगन नाले में कार सहित बहकर तीन वर्षीय मासूम तेजस साहू की हुई दर्दनाक मौत से मस्तूरी क्षेत्र शोक में डूबा है। इस हृदय विदारक हादसे के तीन दिन बाद रविवार को मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया खम्हरिया गांव पहुंचे। उन्होंने तेजस के पिता मोहनलाल उर्फ भोला साहू सहित पूरे परिजन से भेंट की और अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ढांढस बंधाया। विधायक लहरिया ने इस अवसर पर कहा कि एक मासूम की असमय मौत किसी एक परिवार की नहीं, पूरे समाज की पीड़ा है। हादसा हुआ, दुखद है, लेकिन अब प्रशासन की जवाबदेही बनती है कि वह केवल खानापूर्ति न करे बल्कि गंभीरता से ठोस और स्थायी समाधान दे। नालों पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेड्स, गार्ड और पुल निर्माण जैसे जरूरी कार्य प्राथमिकता में आने चाहिए।
हादसे के दिन से बने रहे संपर्क में
विधायक लहरिया ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही वे तत्काल अधिकारियों से सतत संपर्क में रहे और राहत व बचाव कार्यों की पल-पल की अपडेट लेते रहे। उन्होंने इस दौरान मौके पर एसडीआरएफ की उपस्थिति, गोताखोरों की व्यवस्था और खोज अभियान की निगरानी कराई। उन्होंने कहा कि अब वक्त संवेदना प्रकट करने का ही नहीं, भविष्य के लिए सीख लेने का है।
परिवार के दर्द में सहभागी बना कांग्रेस परिवार
रविवार को विधायक लहरिया के साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद जायसवाल, अहमद मोमिन, खम्हरिया सरपंच प्रतिनिधि शैलेन्द्र खांडेकर, नंद कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता तेजस के घर पहुंचे। सभी ने मौन श्रद्धांजलि देकर मासूम आत्मा की शांति की प्रार्थना की और परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
क्या हुआ था हादसे में
गौरतलब है कि खम्हरिया निवासी मोहनलाल साहू का परिवार गुरुवार को हरेली पर्व के दिन उच्चभ_ी स्थित शिव शक्ति पीठ मंदिर से दर्शन कर लौट रहा था। उसी दौरान झलमला स्थित तुंगन नाले पर तेज बारिश और बाढ़ के उफान को न भांप पाने की वजह से उनकी वेगनआर कार बह गई। कार में कुल 9 लोग सवार थे, जिनमें से आठ ने किसी तरह तैरकर जान बचा ली, लेकिन मासूम तेजस बह गया। उसका शव शनिवार को घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर झाडिय़ों में फंसा मिला।
विधायक की प्रशासन से स्पष्ट मांग
विधायक लहरिया ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम में संवेदनशील स्थलों को चिन्हांकित कर वहां सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम तत्काल किए जाएं। उन्होंने कहा कि अब और मासूम न बहें, इसके लिए कड़ी और कारगर नीति लागू होनी चाहिए।



