छत्तीसगढ़राजधानी

1 करोड़ की हेरोइन के साथ 9 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने किया अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा

रायपुर। रायपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी पर एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा किया है। इस नेटवर्क का संचालन पाकिस्तान से पंजाब होते हुए छत्तीसगढ़ तक किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान 412.87 ग्राम हेरोइन, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ रुपए आंकी गई है, जब्त की गई। मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा
मुख्य तस्कर लवजीत सिंह उर्फ बंटी, पंजाब के गुरदासपुर का निवासी है, जो पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाकर देशभर में सप्लाई करता था। रायपुर में नेटवर्क को सुवित श्रीवास्तव नामक स्थानीय आरोपी संचालित कर रहा था। टिकरापारा थाना क्षेत्र के कमल विहार सेक्टर-4 स्थित मकान को तस्करी का हब बनाया गया था, जहां पुलिस ने दबिश देकर हेरोइन जब्त की।

नेट कॉलिंग और वीडियो शेयरिंग से जुड़ते थे ग्राहक
आरोपी जांच एजेंसियों से बचने के लिए अंतरराष्ट्रीय नंबरों से नेट कॉलिंग का इस्तेमाल करते थे। ग्राहक को वीडियो कॉलिंग और लोकेशन शेयरिंग के जरिए माल डिलीवर किया जाता था। पूछताछ में पाकिस्तान से ड्रग्स मंगाने के पुख्ता इनपुट मिले हैं।

गिरफ्तार आरोपी: लवजीत सिंह उर्फ बंटी – गुरदासपुर, पंजाब, सुवित श्रीवास्तव – महावीर नगर, रायपुर, अश्वन चंद्रवंशी – जामसरा, राजनांदगांव, लक्ष्य परिफल राघव उर्फ लव – तेलीबांधा, रायपुर, अनिकेत मालाधरे – अवंति विहार, रायपुर, मनोज सेठ – बलौदा, महासमुंद, मुकेश सिंह – टाटीबंध, रायपुर, जुनैद खान उर्फ सैफ चिला – मौदहापारा, रायपुर, राजविंदर सिंह उर्फ राजू – कांकेर (वर्तमान में रायपुर)।

आईजी और एसएसपी की अगुवाई में कार्रवाई
पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। एक विशेष टीम बनाकर विदेशी कॉल्स, बैंक ट्रांजेक्शन, म्यूल अकाउंट्स की गहन जांच की गई थी। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button