छत्तीसगढ़

सेना में चयनित होकर अभिषेक बना गांव का गौरव, विद्यालय में हुआ भव्य सम्मान समारोह

अभिषेक की यह उपलब्धि हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत , विद्यालय परिवार गौरवांवित : मोमिन

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खम्हरिया के पूर्व छात्र अभिषेक सिंह मेरावी ने भारतीय सेना में सैनिक के रूप में चयनित होकर न केवल अपने परिवार, बल्कि समूचे विद्यालय व ग्राम का नाम रोशन किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सैनिक अभिषेक का पुष्पगुच्छ व शॉल से सम्मान कर उनका अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की बालिकाओं द्वारा माँ सरस्वती एवं भारत माता का पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। समारोह में उपस्थित अभिषेक सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, संस्कार, अनुशासन और मेहनत—यही सफलता की कुंजी है। लक्ष्य तय कर यदि मन से प्रयास किया जाए, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं रहती। इस भावुक क्षण में अभिषेक के पिता त्रिभुवन सिंह एवं दादा श्री भागीरथी मरावी भी उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्रबंधक अहमद मोमिन ने कहा कि अभिषेक की यह उपलब्धि हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। वह शुरू से ही एक अनुशासित और मेहनती छात्र रहा है। हमें विश्वास है कि वह देश सेवा में अपना सर्वोत्तम देगा। खम्हरिया सरपंच श्वेता शैलेंद्र खांडेकर एवं सरपंच प्रतिनिधि शैलेंद्र खांडेकर ने अभिषेक को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्राचार्य बलराम यादव ने कहा कि हमारे छात्र की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी। निश्चित ही वह सेना में रहते हुए देश सेवा में अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करेगा।
इस गरिमामयी अवसर पर विद्यालय के उपप्राचार्य नरेंद्र मरावी, प्रधानपाठक सुंदरलाल टेंगवर, प्रधानपाठिका शोभा केवट, शिक्षकगण कोमल प्रसाद पटेल, के.के. ठाकुर, केशव वस्त्रकार, शकुंतला ठाकुर, ईशा टेंगवर, गणेशिया मरावी, राजेश कुमार, सत्यनारायण कैवर्त, रत्ना टंडन, तेजस्वी पाटनवार, श्रिया यादव, हेमा ठाकुर, अल्का दुबे, नागेश्वरी केवर्त, शशिकला श्रीवास, सरिता ठाकुर, राजकुमारी गंधर्व, सुलोचना ठाकुर, सुजाता साहू सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सादगी व गरिमा के साथ संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों व स्टाफ के चेहरे पर गौरव और प्रेरणा की झलक साफ दिखाई दी।

Related Articles

Back to top button