34.5 लाख की ज्वेलरी चोरी में एक और गिरफ्तारी
दामोदर ज्वेलर्स सीपत के लुटेरे को सिंगरौली से पकड़ा

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। बहुचर्चित दामोदर ज्वेलर्स चोरी कांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना के बाद फरार आरोपी को मध्यप्रदेश के सिंगरौली से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी राम लल्लू उर्फ लल्लू पिता जनक लाल (उम्र 25 वर्ष), निवासी लामीदह थाना सरई, जिला सिंगरौली को पुलिस ने विशेष प्रयासों के बाद गिरफ्तार कर सीपत थाना लाया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
सीपत टीआई गोपाल सतपथी से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 15-16 जुलाई 2024 की दरम्यानी रात को अज्ञात चोरों ने सीपत स्थित दामोदर ज्वेलर्स के शटर का ताला तोडक़र भीतर घुसकर करीब 34 लाख 50 हजार रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी चोरी कर ली थी। मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पूर्व में इस मामले में आठ आरोपियों लालमन उर्फ बडक़ा बसोर, रामधीन बसोर, सियाराम बसोर, लालजी उर्फ किनका बसोर, राजेन्द्र गुप्ता उर्फ गुड्डा बनिया, मनीष सोनी उर्फ सुशांत उर्फ सोनू, अमित सिंह, और विजय कुमार बसोड को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। लेकिन तीन आरोपी फरार चल रहे थे, जिनमें से एक को अब गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी राम लल्लू ने खुलासा किया कि उसने घटना में इस्तेमाल के लिए सबल और पेचकस खरीदकर अपने साथियों के साथ मिलकर दामोदर ज्वेलर्स में चोरी की थी।
पुलिस टीम की कार्यकुशलता सराहनीय
इस सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, सहायक उपनिरीक्षक कमल फूल साहू, प्रधान आरक्षक प्रफुल्ल सिंह, एवं आरक्षक आकाश मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सीपत पुलिस की इस कार्यवाही से यह स्पष्ट हो गया है कि अपराधी कितना भी दूर भागे, कानून के हाथ उनसे लंबे होते हैं।


