वर्दी के वीरों को मिला बहनों का स्नेह, सीपत थाने में छात्राओं ने पुलिस को बांधी राखी
बिना रिश्ते के भी बंध गई राखी की डोर, सीपत थाने में बहनों ने दिखाई अनोखी श्रद्धा.. बच्चों ने कहा आपकी बदौलत हम सुरक्षित

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व पर इस बार सीपत थाने का माहौल कुछ अलग और भावुक कर देने वाला रहा। स्कूली छात्राओं ने शनिवार को सीपत थाना पहुंचकर वहां तैनात पुलिस जवानों को राखी बांधकर सुरक्षा का वचन लिया।
इस अवसर पर छात्राओं ने शगुन के रूप में रुपये की जगह देश की सुरक्षा और जनसेवा का वचन मांगा। छात्राओं ने जवानों के ललाट पर तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और कलाई पर रक्षासूत्र बांधा। जवानों की आंखें नम हो गईं जब छात्राओं ने कहा- आप जैसे वीर जवानों की वजह से हम निडर होकर स्कूल जा पाते हैं, हम चैन से सो पाते हैं। इस आत्मीय पल में ऐसा लगा मानो थाने की दीवारें परिवार के स्नेह से भर उठी हों। छात्राओं ने यह भी कहा कि वे पुलिस के इस समर्पण को सलाम करती हैं और उनकी यह सेवा ही सच्चा राष्ट्रधर्म है।
थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने छात्राओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा, रक्षाबंधन केवल भाई-बहन का पर्व नहीं, यह देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का भी पर्व है। जब बहनों ने हमें राखी बांधी, वह केवल धागा नहीं था- वह विश्वास, आशीर्वाद और संकल्प का प्रतीक था। शैक्षणिक संस्था के शिक्षक सुनील निर्मलकर ने कहा कि छात्राओं ने जवानों को राखी बांधकर जो भावनात्मक जुड़ाव दिखाया है, वह क्षण जीवनभर याद रहेगा। आज ये छात्राएं सिर्फ ज्ञान नहीं, संस्कार भी अर्जित कर रही हैं।
इस मौके पर थाना स्टाफ के टीआई गोपाल सतपथी एसआई शिव बक्सल, एएसआई धर्मेंद्र यादव, प्रधान आरक्षक कौशल, आरक्षक परमेश्वर ठाकुर, सुबन्ध साय सिदार सहित समस्त पुलिस बल उपस्थित रहा। त्यौहारों के दौरान जब कई जवान घर नहीं जा पाते, तब ऐसी पहल उनके दिल को छू जाती है। बाहर से आए जवानों ने भी कहा कि इस बार की राखी ने उन्हें परिवार की कमी महसूस नहीं होने दी।


