छत्तीसगढ़

सीपत में भाजपा का ‘शौर्य तिरंगा अभियान’

ऑपरेशन ‘सिंदूर’ की सफलता पर 10 से 14 अगस्त तक देशभक्ति के रंग में रंगेगा नगर

-ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य विजय नहीं, बल्कि यह भारत की एकजुटता व अदम्य साहस का प्रतीक : प्रणव

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। पाकिस्तान स्थित आतंकियों के 22 ठिकानों को ध्वस्त कर भारतीय सेना द्वारा संचालित ऑपरेशन ‘सिंदूर’ की ऐतिहासिक सफलता ने देशभर में जोश और गर्व की लहर दौड़ा दी है। इसी गौरवगाथा को जनमानस तक पहुँचाने और स्वतंत्रता दिवस को केवल आज़ादी का पर्व नहीं, बल्कि शौर्य दिवस के रूप में मनाने के संकल्प के साथ भाजपा सीपत मंडल ने 10 से 14 अगस्त तक भव्य ‘शौर्य तिरंगा अभियान’ आयोजित करने का निर्णय लिया है।
स्थानीय विश्रामगृह में आयोजित बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने की, जबकि संचालन महामंत्री हरिकेश गुप्ता ने किया। बैठक में कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला भाजपा मंत्री प्रणव शर्मा ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य विजय नहीं, बल्कि यह भारत की एकजुटता और अदम्य साहस का प्रतीक है। 10 से 14 अगस्त तक मंडल स्तर पर विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें भाजयुमो और महिला मोर्चा की अहम भूमिका होगी। 13 से 15 अगस्त तक हर घर, हर प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराया जाएगा और 15 अगस्त की शाम सम्मानपूर्वक उतारने का संकल्प लिया जाएगा। प्रणव शर्मा ने आगे बताया कि 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम, युद्ध स्मारकों और शहीद स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, पुष्पांजलि अर्पित होगी, शहीद परिवारों का सम्मान किया जाएगा तथा सीमा चौकियों का दौरा कर सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस व चिंतन बैठक आयोजित होगी। जिला भाजपा उपाध्यक्ष नागेश्वरी साहू ने कहा कि यह विजय उत्सव आतंक के अड्डों को नेस्तनाबूद करने और ‘सिंदूर की सौगंध’ पूरी करने का प्रतीक है। हमें इस गौरव को जन-जन तक पहुँचाना है।
मंडल उपाध्यक्ष अभिलेष यादव ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति की जीवंत मिसाल बनेगी। हमें इसे ऐतिहासिक रूप में निकालना है। महामंत्री हरिकेश गुप्ता ने कहा कि हमारा हर कदम, हर नारा, हर कार्यक्रम राष्ट्र को समर्पित होगा। यह सीपत के इतिहास का सबसे भव्य तिरंगा अभियान होगा। बैठक के अंत में मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं से कहा – तिरंगा हमारे अस्तित्व और स्वाभिमान का प्रतीक है। इस अभियान में हर कार्यकर्ता अपनी पूरी ऊर्जा और समय लगाए, ताकि सीपत मंडल की गूंज दूर-दूर तक पहुँचे. बैठक में वरिष्ठ नेता शिव साहू, जनपद सदस्य देवेश शर्मा, महिला मोर्चा अध्यक्ष कल्याणी साहू, किरण पाटले, नागेश्वर सिंह, रामनगिरी गोस्वामी, उर्वीजेश कौशिक, बसंत साहू, मूलचंद पटेल, ढोलाराम कैवर्त, कुलेश्वर पाटनवार, देव कुमार साहू, नारायण साहू, ललित यादव, सुभम यादव, लालू साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button