एनटीपीसी सीपत और संगवारी महिला समिति का मानवीय पहल, दिवंगत श्रमिक परिवारों को मिला लाखों का सहयोग

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए एनटीपीसी सीपत के कर्मचारियों तथा कल्याणकारी क्लब संगवारी महिला समिति ने हादसे में दिवंगत हुए ग्राम पोंड़ी के स्व. श्याम कुमार और स्व. प्रताप सिंह के परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान किया। एनटीपीसी कर्मचारियों ने स्वैच्छिक अंशदान अभियान चलाकर कुल 7,19,400/- की राशि जुटाई, जिसे दोनों पीडि़त परिवारों में समान रूप से वितरित किया गया। इसके साथ ही संगवारी महिला समिति ने अपने स्तर पर 50,000/- (प्रत्येक परिवार को 25,000/-) का सहयोग दिया।
इस तरह प्रत्येक परिवार को 3,84,700/- का आर्थिक सहारा मिला। सहयोग राशि का वितरण तहसीलदार सीपत, जनप्रतिनिधि, पुलिस और मीडिया की उपस्थिति में किया गया। उल्लेखनीय है कि दिवंगत श्रमिकों के परिवार को पहले ही अंतिम संस्कार हेतु 50,000/- की त्वरित सहायता 6 अगस्त 2025 को दी जा चुकी है। साथ ही, सीपत प्रबंधन एवं ठेकेदार मेसर्स गोरखपुर कंस्ट्रक्शन प्रा. लि. ने 5-5 लाख रुपये मुआवजा, ईएसआई के तहत पेंशन सुविधा तथा आश्रित को संविदा पर रोजगार देने की घोषणा भी की है। इस पहल ने साबित किया कि मुश्किल घड़ी में संवेदनशील कदम और सामूहिक सहयोग न केवल पीडि़त परिवारों को आर्थिक संबल देता है, बल्कि समाज में मानवीयता की मिसाल भी कायम करता है।



