छत्तीसगढ़

बाल भारती पब्लिक स्कूल सीपत में स्वतंत्रता दिवस पर उमड़ा जोश, गूंजे देशभक्ति के स्वर

प्राचार्य का संदेश-छात्र आत्मनिर्भर भारत के निर्माता बनें

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। एनटीपीसी सीपत स्थित बाल भारती पब्लिक स्कूल के प्रांगण में स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व देशभक्ति के उल्लास और जोश के साथ धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय परिसर तिरंगे की शान और भारत माता की जयकारों से गूंज उठा.कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य श्री शलभ निगम द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों के स्मरण में दीप प्रज्वलन व ध्वजारोहण से हुई।
इस दौरान बच्चों के चेहरों पर आज़ादी का उत्साह साफ झलक रहा था। कक्षा पाँचवीं के छात्र अहान कुमार ने अपने प्रभावशाली भाषण से सभी का दिल जीत लिया, वहीं कक्षा आठवीं के छात्र अभिनव तेलासी ने जोशीले उद्बोधन से वातावरण में ऊर्जा का संचार कर दिया। इसके बाद कक्षा छठवीं व सातवीं की छात्राओं सांची सिंह, रिमशा खान, अरात्रिका घोषाल, अद्विका सत्यकाम, सान्वी सामंत, प्रज्ञा मिश्रा, काव्या यादव और तृषा राज ने संयुक्त रूप से प्रस्तुत की गई वीरांगनाओं की अमर वाणी नृत्य-नाटिका से सभी का मन मोह लिया। रानी अवंतीबाई और रानी दुर्गावती के शौर्यगान ने उपस्थित जनसमूह को गर्व और गौरव से भर दिया। विद्यालय के गायन दल द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत सारे जहाँ से अच्छा हिंदुस्तां हमारा ने समूचे वातावरण को देशप्रेम की भावनाओं से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन अर्णव सुमन और काविश सेठी ने आत्मविश्वास और कुशलता के साथ किया। समापन अवसर पर विद्यालय प्राचार्य शलभ निगम ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के संदेश का स्मरण कराते हुए युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा दी। साथ ही नई शिक्षा नीति, डिजिटल प्रगति और अंतरिक्ष अभियानों को भविष्य का मार्गदर्शक बताते हुए विद्यार्थियों से देश को नई ऊँचाइयों पर ले जाने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button