बसपा को बड़ा झटका; पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मरावी सैकड़ों समर्थकों संग कांग्रेस में शामिल
विधायक लहरिया बोले- जनता के हित में कांग्रेस ही असली विकल्प

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सोमवार को ग्राम पंचायत उड़ागी धौराकोना में विश्व आदिवासी दिवस का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया शामिल हुए।
विधायक ने आदिवासी समाज के योगदान और उनकी संस्कृति, परंपराओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आदिवासी समाज हमारी धरोहर है, इनकी संस्कृति ही हमारी असली पहचान है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम भी सामने आया। बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष और आदिवासी समाज के कद्दावर नेता अशोक मरावी ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। विधायक दिलीप लहरिया ने मंच पर पुष्पहार और गमछा पहनाकर अशोक मरावी का पार्टी में स्वागत किया और औपचारिक रूप से कांग्रेस प्रवेश कराया।
अशोक मरावी ने कांग्रेस में शामिल होने के बाद कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और कार्यशैली हमेशा से जनता के बीच मजबूत रही है। विधायक दिलीप लहरिया की लोकप्रियता, जनता के लिए किए जा रहे उनके कार्य और कांग्रेस की रीति नीति से प्रभावित होकर मैंने और मेरे समर्थकों ने कांग्रेस का दामन थामने का निर्णय लिया है। आने वाले समय में हम सब मिलकर कांग्रेस पार्टी को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे। विधायक दिलीप लहरिया ने इस अवसर पर कहा कि आज का दिन कांग्रेस परिवार के लिए बेहद खास है।
आदिवासी समाज के सशक्त और लोकप्रिय नेता अशोक मरावी का कांग्रेस में आना निश्चित ही पार्टी के लिए ताकत का काम करेगा। कांग्रेस पार्टी सिर्फ चुनाव जीतने के लिए नहीं बल्कि जनता की सेवा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए काम करती है। हमारी सरकार ने सदैव किसानों, मजदूरों, युवाओं और विशेषकर आदिवासी समाज के लिए ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। यही कारण है कि लोग स्वेच्छा से कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। मैं विश्वास दिलाता हूँ कि मरावी जी के जुडऩे से कांग्रेस को नई ऊर्जा मिलेगी और ग्रामीण व अनुसूचित जाति वर्ग में पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी. कार्यक्रम में कांग्रेस नेता प्रमोद जायसवाल, भागीरथी पोर्ते, राजू सूर्यवंशी, घनश्याम नेताम, श्याम नेताम, धनीदास महंत, छवि सेन बंजारे, नारायण पटेल, मेघनाथ खांडेकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, आदिवासी समाज के लोग और ग्रामीण मौजूद रहे।
राजनीतिक हलकों में हलचल
बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मरावी का कांग्रेस में शामिल होना न केवल विधानसभा क्षेत्र बल्कि जिला स्तर पर भी बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि मरावी लंबे समय तक बसपा संगठन में सक्रिय रहे और उनके समर्थक भी अच्छी संख्या में हैं। ऐसे में उनका कांग्रेस प्रवेश बसपा के लिए तगड़ा झटका और कांग्रेस के लिए मजबूती का कारण बनेगा। मरावी के कांग्रेस में आने से ग्रामीण अंचल और अनुसूचित जाति वर्ग में कांग्रेस की पकड़ मजबूत होने की पूरी संभावना है।


