छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री का ओएसडी बनकर एनटीपीसी निदेशक को धमकाने वाला ठग को सीपत पुलिस ने घंटों में दबोचा

पावर प्लांट बंद कराने की दी थी धमकी, सीपत पुलिस ने फर्जी ओएसडी को पहुंचाया जेल

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सीपत पुलिस ने चंद घंटों के भीतर ही एक ऐसे ठग को दबोच लिया, जिसने खुद को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का ओएसडी (विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी) बताकर एनटीपीसी सीपत के कार्यकारी निदेशक को धमकाने की दुस्साहसिक हरकत की थी.
आरोपी ने कॉल कर कहा था कि यदि उसके आदेश का पालन नहीं किया गया तो वह पावर स्टेशन बंद करवा देगा और मटेरियल गेट के सामने प्रस्तावित पुलिया निर्माण की स्वीकृति रुकवा देगा। इस धमकी से एनटीपीसी प्रबंधन और पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई।
एनटीपीसी सीपत के एजीएम एचआर जयप्रकाश सत्यकाम (49 वर्ष) ने रविवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई कि निदेशक विजय कृष्ण पांडेय को फोन कर एक व्यक्ति ने खुद को सीएम का ओएसडी ए.के. सिंह बताया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने तत्काल अपराध दर्ज कर विशेष टीम बनाई। साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई और कुछ ही घंटों में सीपत पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान खैरागढ़ गंडई-छुईखदान निवासी आकाश सिंह राजपूत (39 वर्ष), पिता प्रमोद सिंह के रूप में हुई। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से धमकी में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। फर्जी पहचान और मिथ्या प्रतिरूपण समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button