छत्तीसगढ़

खेल राष्ट्रनिर्माण का आधार है, फिट युवा ही बनाएंगे विकसित भारत : केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन

एनटीपीसी सीपत में राष्ट्रीय खेल दिवस पर सांसद खेल महोत्सव अभियान का शुभारंभ

प्रतियोगिता में प्रभावित 8 गांवों के 96 खिलाडिय़ों ने दिखाया दमखम

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। एनटीपीसी सीपत में शुक्रवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सांसद खेल महोत्सव अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर आयोजित अंतर ग्रामीण कबड्डी प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री (आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार) एवं सांसद बिलासपुर श्री तोखन साहू ने मशाल प्रज्वलित कर किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में एनटीपीसी सीपत के कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख विजय कृष्ण पाण्डेय मौजूद रहे। मेजऱ ध्यानचंद की जयंती पर आयोजित इस खेल दिवस को संबोधित करते हुए श्री साहू ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों के माध्यम से नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और अनुशासन सिखाने का सुनहरा अवसर है। यदि भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है तो युवाओं का फिट और स्वस्थ रहना अनिवार्य है, क्योंकि खेल ही राष्ट्रनिर्माण का आधार है। उन्होंने केंद्र सरकार की फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत के खिलाड़ी एशियाई, कॉमनवेल्थ और ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अभूतपूर्व सफलता अर्जित कर रहे हैं। साथ ही जानकारी दी कि 29 अगस्त से 20 सितंबर तक खेल पंजीयन और 21 सितंबर से 25 दिसंबर तक विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा।
श्री साहू ने खिलाडिय़ों से मुलाकात कर उन्हें इस अभियान में शामिल होने के लिए प्रेरित किया और राष्ट्रीय खेल दिवस की शपथ भी दिलाई, जिसमें शारीरिक रूप से फिट, मानसिक रूप से मजबूत और भावनात्मक रूप से संतुलित रहने का संकल्प लिया गया। प्रतियोगिता में परियोजना प्रभावित आठ गांव—रांक, सीपत, गतौरा, कर्रा, देवरी, कौडिय़ा, रलिया और जांजी की आठ टीमें व कुल 96 खिलाड़ी शामिल हुए। फाइनल मुकाबले में रलिया की शिव शक्ति क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीपत की स्वामी विवेकानंद क्लब को 62-23 से मात देकर खिताब अपने नाम किया। विजेता और उपविजेता टीमों को श्री विजय कृष्ण पाण्डेय ने ट्रॉफी प्रदान कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि जीत-हार से बढक़र खेल की असली भावना मायने रखती है। युवाओं का खेलों में आगे आना और फिट इंडिया का हिस्सा बनना सबसे बड़ी उपलब्धि है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी , मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा , वरिष्ठ भाजपा नेता द्वारिकेश पांडेय , सीपत सरपंच प्रतिनिधि योगेश वंशकार , एनटीपीसी इंटक यूनियन के अध्यक्ष सलीम वीरानी सहित प्रभावित ग्राम के सरपंचगण, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। वहीं एनटीपीसी सीपत के महाप्रबंधक, अधिकारी-कर्मचारी, यूनियन व एसोसिएशन प्रतिनिधि और स्पोर्ट्स काउंसिल के सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को खास बनाने के लिए इस बार ‘खेलही गांव, बड़ही गांव’ की थीम रखी गई थी।

Related Articles

Back to top button