वन ट्री फॉर मदर अर्थ – बाल भारती स्कूल ने 300 पौधों संग गढ़ा हरियाली का भविष्य
प्राचार्य शलभ निगम ने बच्चों को दिया प्रकृति संरक्षण का मंत्र , इको क्लब की पहल से साई वाटिका कॉलोनी और काली मंदिर जांजी में फैली हरियाली

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। एनटीपीसी, सीपत स्थित बाल भारती पब्लिक स्कूल के शिक्षकों एवं छात्रों ने अपने इको क्लब के माध्यम से ‘वन ट्री फॉर मदर अर्थ’ अभियान का सफल आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। विद्यालय के प्राचार्य श्री शलभ निगम जी, इको क्लब प्रभारी श्री एन. के. शिवहरे (विज्ञान विभागाध्यक्ष), श्रीमती बीना निगम एवं विज्ञान शिक्षकों के मार्गदर्शन में विज्ञान इको क्लब की स्थापना की गई, जिसका उद्देश्य छात्रों को प्रकृति से जोडऩा और उनमें पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना है। कक्षा 12वीं (विज्ञान) की छात्रा चैतन्या बघेल को क्लब का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इस क्लब के अंतर्गत कक्षा पहली से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लगभग 300 पौधों का रोपण विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों जैसे साई वाटिका कॉलोनी और काली मंदिर जांजी में किया। लगाए गए पौधों में आम, नींबू, लौंग, आंवला, बेल, फूलदार पौधे तथा कटहल के वृक्ष शामिल थे। इस अवसर पर प्राचार्य श्री शलभ निगम जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और हर विद्यार्थी का यह कर्तव्य है कि वह प्रकृति की रक्षा में अपना योगदान दे। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में हरियाली के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का भाव जगाना है।
इस अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय नागरिकों को पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया और पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने, लगाए गए पौधों की देखभाल करने तथा समाज में हरित संदेश का प्रसार करने की शपथ ली। यह पहल विद्यालय के इको क्लब की ओर से हरियाली को बढ़ावा देने और पर्यावरणीय चेतना को सशक्त करने का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करती है।



