वैदिक महाविद्यालय में विघ्नहर्ता का ढोल ताशो के साथ जोरदार स्वागत
परिसर हुआ भक्तिमय, गणपति बप्पा के गूंजे जयकारे

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। वैदिक महाविद्यालय में सोमवार को विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेशजी का आगमन उल्लास और श्रद्धा से हुआ। विद्यार्थियों ने बैंड, ढोल, ताशा और पटाखों के साथ महाविद्यालय परिसर में रंगोली सजाकर गणपति बप्पा का जोरदार स्वागत किया।
गणपति बप्पा मोरया के गगनभेदी जयकारों से पूरा कॉलेज प्रांगण भक्तिमय वातावरण में डूब गया। विद्यार्थियों ने मंत्रोच्चार और विधिविधान से गणेशजी की पूजा-अर्चना की। वातावरण में घंटी और शंखनाद की ध्वनि गूंज उठी, जिससे हर हृदय में भक्ति का संचार हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं में गजब का उत्साह और उमंग देखने को मिला। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि 4 सितंबर को हवन एवं अनुष्ठान व बाजे-गाजे के साथ बप्पा को विदा किया जाएगा। छात्रों ने बताया कि गणपति का आगमन सिर्फ आस्था नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन में ऊर्जा, सकारात्मकता और नई प्रेरणा का संचार करता है । गणेशोत्सव के इस पावन अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने संदेश दिया कि विघ्नहर्ता का पूजन हमें जीवन की कठिनाइयों से लडऩे और नई राह बनाने की शक्ति प्रदान करता है। पूरे परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
विद्यार्थियों का उल्लास, वातावरण में गूंजते भजन और बप्पा के स्वागत का जोश मानो यह संदेश दे रहा था कि जहाँ बप्पा आते हैं, वहाँ विघ्न दूर होकर सुख-समृद्धि और मंगलमय ऊर्जा का वास होता है।




