छत्तीसगढ़

अवैध कनेक्शन का चढ़ाया खामियाजा; युवक की करंट से मौत, आरोपी गिरफ्तार

बिना सुरक्षा उपकरण के चढ़ाया था बिजली खंभे पर युवक , विद्युत अधिनियम सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज , आरोपी गया जेल

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। अवैध बिजली कनेक्शन लेने की कोशिश एक युवक के लिए मौत का सबब बन गई। जुलाई २०२४ में ग्राम उच्चभ_ी निवासी सतीश सूर्यवंशी (२४ वर्ष) करंट की चपेट में आकर खंभे से नीचे गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई थी। मर्ग जांच पूरी होने के बाद सीपत पुलिस ने मामले में आरोपी कैलाश सूर्यवंशी (३५ वर्ष) पिता जीवनलाल सूर्यवंशी, निवासी उच्चभ_ी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के दिन आरोपी कैलाश सूर्यवंशी ने मृतक सतीश को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के बिजली का काम करवाने के लिए बिजली खंभे पर चढ़ा दिया। सतीश बिजली का काम नहीं जानता था, लेकिन आरोपी ने उसे जबरन अवैध कनेक्शन लेने हेतु सीढ़ी लगाकर ऊपर चढ़ा दिया। इस दौरान युवक करंट की चपेट में आ गया और खंभे से गिरकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की मर्ग जांच के दौरान गवाहों और मृतक परिजनों के बयान लिए गए। विद्युत विभाग से भी तकनीकी जानकारी मिलने के बाद यह साफ हुआ कि आरोपी की लापरवाही और अवैध कनेक्शन का प्रयास ही मौत का कारण बना। इस पर आरोपी कैलाश सूर्यवंशी के विरुद्ध धारा १०६(१) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा १३५ विद्युत अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया। सीपत पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर २ सितंबर २०२५ को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button