छत्तीसगढ़

सीपत में प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का खेल! बजरंग दल का विरोध, दोनों पक्षों में झड़प के बाद थाना घिरा—पुलिस ने संभाला मोर्चा

सीपत। रविवार सुबह सीपत के नवाडीह तिवारी प्लॉट में प्रार्थना सभा के बहाने धर्मांतरण किए जाने की आशंका पर बजरंग दल के कार्यकर्ता विरोध जताने पहुंचे। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और दोनों पक्षों में कहासुनी से मामला झूमाझटकी तक पहुंच गया। इस दौरान दोनों तरफ के लोगों को हल्की चोटें आईं।
घटना की सूचना पर सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। मौके की संवेदनशीलता को देखते हुए एएसपी राजेश जायसवाल, एसडीओपी निमितेश सिंह सहित सरकंडा, तारबहार, बिल्हा और मस्तूरी थानों से भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति काबू में करने की कोशिश की, मगर थाने तक मामला खिंच आया। ईसाई समुदाय के लोग एफआईआर दर्ज कराने के बाद भी थाने में डटे रहे और बजरंग दल कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। दूसरी ओर, बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता भी थाने के बाहर जुट गए और जय श्रीराम के नारे लगाते हुए हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। थाने का माहौल देर तक तनावपूर्ण रहा। दोनों पक्षों की भारी भीड़ थाने में जमा हो गई। आखिरकार पुलिस अधिकारियों की समझाइश से मामला शांत हुआ।

– धार्मिक सभा पुलिस की अनुमति के बिना आयोजित की गई थी। दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी। दोनों पक्षों से आवेदन लेकर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। विधिक कार्रवाई कर जांच की जा रही है।

सीएसपी
निमितेश सिंह

Related Articles

Back to top button