छत्तीसगढ़राजधानी

स्वच्छता को जिंदगी का हिस्सा बनाएं: अरुण साव

उप मुख्यमंत्री ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का किया शुभारंभ

रायपुर, 17 सितम्बर। उप मुख्यमंत्री तथी खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने आज रायपुर के कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के स्वच्छता ही सेवा-2025 अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा खिलाडिय़ों, खेल संघों के पदाधिकारियों, अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। स्वच्छता ही सेवा अभियान के शुभारंभ के मौके पर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से स्टेडियम में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में खिलाडिय़ों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।


उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने खिलाडिय़ों, अधिकारियों तथा खेल संघों के पदाधिकारियों के साथ कोटा स्टेडियम प्रांगण में झाड़ू लगाकर सफाई अभियान का शुभारंभ किया तथा स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने स्वच्छता संदेश में खिलाडिय़ों से कहा कि स्वच्छता को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाएं। न स्वयं गंदगी करें और न ही दूसरों को गंदगी फैलाने दें। श्री साव ने स्टेडियम में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने खिलाडिय़ों को हैंडवाश वितरित किए।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती तनुजा सलाम ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि स्वच्छता ही सेवा का मुख्य उद्देश्य युवाओं और नागरिकों में स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना और उन्हें स्वच्छ परिसर- स्वस्थ समाज का संदेश देना है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव सुखनाथ अहिरवार, उप संचालक सुश्री रश्मि ठाकुर और श्री अग्रवाल, युवा कल्याण अधिकारी श्री जितेंद्र नायक, छत्तीसगढ़ एथलेटिक संघ के जी.एस. बाम्बरा, छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के सचिव आयुष मुरारका, वॉलीबॉल एसोसिएशन के मोहम्मद अकरम खान, क्रीड़ा भारती के संजय शर्मा, केनोइंग-कयाकिंग एसोसिएशन के प्रशांत रघुवंशी और स्कूल शिक्षा विभाग के संजय शुक्ला सहित खेल अधिकारी, खेल संघों के पदाधिकारी और खिलाड़ी इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button