फरार दरिंदों पर सीपत पुलिस का शिकंजा; 8 हजार का इनाम घोषित
सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गुप्त

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। थाना सीपत क्षेत्र के दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम की घोषणा की है। नाबालिग से छेडख़ानी व पाक्सो एक्ट के मामले में फरार आरोपी लम्बोदर वैष्णव पिता रामदास वैष्णव (उम्र 35 वर्ष, निवासी कुली, थाना सीपत) पर 5000 का इनाम तथा दो अलग-अलग मारपीट प्रकरणों में फरार आरोपी भुरू रोहिदास पिता नंदकुमार रोहिदास (उम्र 21 वर्ष, निवासी पोड़ी, थाना सीपत) पर 3000 का इनाम घोषित किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यह इनामी उद्घोषणा की गई है। दोनों आरोपी अपराध घटित करने के बाद से फरार हैं तथा आपराधिक प्रवृत्ति के माने जाते हैं। सीपत पुलिस द्वारा लगातार उनकी तलाश की जा रही है, लेकिन अब जनता की मदद से गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए जा रहे हैं।
पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि इन फरार आरोपियों की सूचना देने वाले व्यक्ति को उचित इनाम दिया जाएगा और उनकी पहचान व नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। सूचना देने हेतु थाना सीपत के मोबाइल नंबर 94791 93031 एवं लैंडलाइन नंबर 07752 265456 जारी किए गए हैं।



