भाजपा सरकार सच उजागर करने वालों पर एफआईआर दर्ज कर रही है, लेकिन हम डरने वाले नहीं : युकां अध्यक्ष सुनील
भ्रष्टाचार और नकली डिग्री घोटाले के खिलाफ सडक़ पर उतरे युकां, एनएसयूआई कार्यकर्ता , नवाडीह चौक में पुतला दहन

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। भ्रष्टाचार और नकली डिग्री घोटाले को उजागर करने वाले युवा नेताओं पर कार्रवाई से गुस्साए युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने रविवार को दोपहर नवाडीह चौक में गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई, जिसके चलते पुतला पूरी तरह से जल नहीं पाया। प्रदर्शन का नेतृत्व मस्तूरी विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुनील पटेल ने किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और नकली डिग्री बेचने वालों का चेहरा बेनकाब करने पर भाजपा सरकार घबराई हुई है। इसीलिए हमारे प्रदेश महासचिव भावेश शुक्ला और रायपुर जिलाध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी पर झूठे केस दर्ज कर दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है। पर हम साफ कर देना चाहते हैं कि सच को दबाने की जितनी भी कोशिश की जाए, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई पीछे हटने वाली नहीं।
सुनील पटेल ने आगे कहा कि गृहमंत्री विजय शर्मा और भाजपा सरकार को याद रखना चाहिए कि आज का युवा जाग चुका है। हम भ्रष्टाचारियों और फर्जीवाड़े करने वालों की पोल खोलते रहेंगे। अगर हमें डराने-धमकाने के लिए फर्जी एफआईआर की राजनीति की जाएगी, तो हम सडक़ों पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से उसका करारा जवाब देंगे। इस मौके पर जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष राजू सूर्यवंशी, बलिराम पटेल, सीपत युकां ब्लॉक अध्यक्ष प्रीतेश पनौरे, गौतम खरे, संजू खरे, अविनाश लैहर्षण, छोटू खरे, सोशल मीडिया संयोजक सुनील कुमार, हिमांशु लहरिया, समीर भवानी, नीलू खरे, अभय खरे, हिमांशु डोंगरे, साहिल सूर्या, रितेश, प्रीतम सूर्यवंशी, ऋषभकांत विजय, राकेश यादव, अरुण खरे सहित बड़ी संख्या में युकां और एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



