छत्तीसगढ़

विधायक दिलीप लहरिया की बड़ी सौगात; 6.70 करोड़ की सडक़ स्वीकृत

 अब सीपत से दर्राभाठा तक होगा आसान सफर

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिली है। मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया के निरंतर प्रयासों और सक्रियता से आखिरकार वह सपना पूरा हुआ, जिसका इंतजार क्षेत्रवासियों को वर्षों से था। छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग ने सीपत नवाडीह चौक से दर्राभाठा लीलागर पुल तक सडक़ निर्माण के लिए 6 करोड़ 70 लाख 58 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। लगभग 4.525 किलोमीटर लंबी यह सडक़ वर्ष 2024-25 के बजट (मद क्रमांक 7456) में शामिल थी। लंबे समय से जर्जर स्थिति के कारण इस मार्ग से गुजरना क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी समस्या बन गया था। सडक़ निर्माण की स्वीकृति मिलते ही अब लोगों में खुशी और राहत की लहर दौड़ गई है।

आवागमन और विकास को मिलेगा बढ़ावा
नई सडक़ बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी। यह मार्ग व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता में भी सहायक सिद्ध होगा। इस अवसर पर विधायक लहरिया ने कहा कि मैं सदैव अपने क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देता हूं। यह सडक़ निर्माण कार्य जनता को समर्पित है। मेरा प्रयास रहेगा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ और तय समयसीमा में पूरा हो, ताकि जनता को शीघ्र ही इसका सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने आगे कहा कि यह स्वीकृति साबित करती है कि जनता की आवाज जब मजबूत प्रतिनिधित्व के साथ उठती है तो सरकार भी तुरंत सकारात्मक कदम उठाती है। सीपत से दर्राभाठा तक सडक़ निर्माण की यह परियोजना सिर्फ अधोसंरचना नहीं, बल्कि विकास का नया अध्याय है। क्षेत्र की जनता इसे विधायक लहरिया की जनहितैषी सोच और अथक प्रयासों की बड़ी उपलब्धि मान रही है।

Related Articles

Back to top button