छत्तीसगढ़

नन्हे-मुन्नों की अद्भुत झांकी, सीपत के विरानी स्कूल में पहली बार मना दशहरा उत्सव

दशहरे से मिली शिक्षा- विरानी स्कूल सीपत में बच्चों ने जाना सत्य और साहस का महत्व

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सीपत स्थित विरानी पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को इस वर्ष पहली बार दशहरे का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान व विभिन्न चरित्रों की आकर्षक वेशभूषा धारण कर मोहक झांकियां प्रस्तुत कीं। छोटे-छोटे बच्चों के उत्साह और अद्भुत प्रस्तुति ने पूरे माहौल को धार्मिक रंग में रंग दिया।
विद्यालय प्रांगण में प्रतीकात्मक रावण दहन का आयोजन किया गया। इससे पहले बच्चों ने जोरदार जय श्रीराम और हर हर महादेव के गगनभेदी जयकारों से वातावरण को गूंजायमान कर दिया। रावण के पुतले को जलते देख बच्चे हर्षित और उत्साहित नजर आए। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती तारा गिरी ने विधिवत श्रीराम, सीता और त्रिलोक नरेश रावण की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि दशहरा केवल अच्छाई की बुराई पर विजय का पर्व ही नहीं, बल्कि यह जीवन में सत्य, साहस और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। नन्हें बच्चों की आज की प्रस्तुति ने यह सिद्ध कर दिया है कि आने वाली पीढ़ी भी हमारी परंपराओं और संस्कृति को पूरी आस्था और उल्लास से आगे बढ़ा रही है। विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक शिक्षिकाओं की उपस्थिति में कार्यक्रम उल्लासमय माहौल में संपन्न हुआ। बच्चों की सजीव झांकी और रावण दहन को देखकर उपस्थित सभी लोग मंत्रमुग्ध रह गए। इस अवसर पर शाला के सभी शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button