छत्तीसगढ़

गांधी-शास्त्री जी के आदर्शों को आत्मसात कर स्वच्छ भारत के सपने को साकार करें : विजयकृष्ण पाण्डेय

एनटीपीसी सीपत में गांधी जयंती पर प्रभात फेरी, सफाई अभियान और सफाई मित्रों का हुआ सम्मान

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। एनटीपीसी सीपत में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती 02 अक्टूबर 2025 को गरिमामय और प्रेरणादायी माहौल में मनाई गई। परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक श्री विजय कृष्ण पाण्डेय के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी व नागरिक शामिल हुए।
प्रभात फेरी का उद्देश्य स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान स्वच्छ भारत अभियान के संदेश को समाज तक पहुँचाना था। टाउनशिप परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में श्री पाण्डेय ने दोनों महापुरुषों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा सभी को स्वच्छता शपथ दिलाई। अपने विशेष संबोधन में श्री पाण्डेय ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री ने अपने जीवन से यह सिखाया कि सादगी, ईमानदारी और समर्पण ही सच्चे नेतृत्व की पहचान है। गांधीजी का ‘स्वच्छ भारत’ का सपना तभी साकार होगा जब हम सभी अपने परिवेश को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाएँ। हमें उनके आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।

सफाई मित्रों का सम्मान
गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत सफाई मित्रों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से उनके अथक परिश्रम और अमूल्य योगदान की सराहना की गई।

सीपत सब्जी हाट में चला विशेष सफाई अभियान
स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत सीपत सब्जी हाट में विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया। बाजार क्षेत्र की साफ-सफाई कर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट) स्वप्न कुमार मंडल, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) सुरोजीत सिन्हा, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) जयप्रकाश सत्यकाम, सीआईएसएफ के उप कमांडेंट कपिल सुधाकर कामडी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारी, यूनियन-एसोसिएशन के सदस्य व कर्मचारी शामिल रहे।

स्वच्छता पखवाड़ा : 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर
उल्लेखनीय है कि इस अवधि में एनटीपीसी सीपत द्वारा विभिन्न सफाई अभियान, जन-जागरूकता गतिविधियाँ और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों व विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Related Articles

Back to top button