छत्तीसगढ़

सीपत पुलिस का बड़ा खुलासा; थाना प्रभारी की तत्परता से होटल चोर सलाखों के पीछे, रोज़ी डॉग बनी पुलिस की आंख

थाना चौक की चोरी सुलझी, पुलिस की मुस्तैदी और डॉग स्क्वॉड की सूंघ से चोर बेनकाब

15 दिन में तीन बार दिया था घटना को अंजाम

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सीपत पुलिस ने एक बार फिर अपनी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से यह साबित कर दिया है कि अपराध चाहे कितना भी चालाकी से क्यों न किया जाए, कानून के शिकंजे से बचना आसान नहीं है। थाना चौक क्षेत्र स्थित होटल से चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने मात्र कुछ ही दिनों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में डॉग स्क्वॉड की अहम भूमिका रही, जिसने आरोपी तक पुलिस को सीधे पहुँचा दिया।
थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने बताया कि प्रार्थी गुड़ी निवासी अनिल रजक पिता पुसाउराम रजक ने थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी होटल से लगातार चोरी की घटनाएँ हो रही हैं। 2 अक्टूबर 2025 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर होटल की छत का एलबेस्टर तोडक़र गल्ले से नगदी रकम उड़ा ले गया। इसके पूर्व भी 17 सितंबर की रात इसी होटल से नगदी रकम चोरी हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं से होटल संचालक परेशान थे और पुलिस के पास रिपोर्ट दर्ज कराई।

डॉग स्क्वॉड ने दिखाई दिशा :

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी गोपाल सतपथी के नेतृत्व में तत्काल डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। रोज़ी नामक डॉग को घटनास्थल से स्मेल कराया गया। रोज़ी सीधे घूमते-घूमते उस स्थान तक पहुँची जहाँ पहले से ही संदेही युवक बैठा था। डॉग की सटीक पहचान ने पुलिस को आरोपी तक पहुँचने में बड़ी मदद की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलेश कुमार सूर्यवंशी उर्फ लला उम्र 20 वर्ष , निवासी नहरपारा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। जब पुलिस ने आरोपी से मनोवैज्ञानिक ढंग से पूछताछ की तो उसने कबूल कर लिया कि उसने होटल से नगदी रकम चोरी की थी। पूछताछ में उसने यह भी खुलासा किया कि रात्रि में होटल के गल्ले से करीब 15-20 हजार रुपए चुराए थे, जिसमें से 2000 रुपए शेष बरामद किए गए। बाकी रकम आरोपी ने खा-पीकर खर्च कर दी और उधारी चुकाने में उपयोग कर लिया। आरोपी के हाथ पर कटने का निशान भी मिला, जिससे संदेह और गहरा हुआ। पुलिस ने आरोपी से नगदी करीब 2000 रुपए जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई सराहनीय-:

सीपत पुलिस ने अपनी सतर्कता, तत्परता और वैज्ञानिक तरीकों से जाँच कर आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी गोपाल सतपथी एवं उनकी टीम की कार्यशैली की स्थानीय जनों ने भी सराहना की है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग चिंतित थे, लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई ने उन्हें राहत और भरोसा दिलाया है कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
यह सफलता न केवल सीपत पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिणाम है, बल्कि कानून व्यवस्था के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का भी स्पष्ट प्रमाण है। थाना प्रभारी गोपाल सतपथी और उनकी टीम की इस उपलब्धि से क्षेत्र की जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ है।

Related Articles

Back to top button