महंगे और दोगुने बिजली बिलों के खिलाफ युवक कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, डेढ़ सौ से अधिक लोगों ने दर्ज कराया विरोध
सुनील पटेल बोले- ‘जनविरोधी नीतियां नहीं सहेंगे’, प्रीतेश पनौरे ने कहा- ‘हर गांव में सरकार की पोल खुलेगी

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा दी जा रही महंगी बिजली और दोगुने बिजली बिलों के खिलाफ मस्तूरी विधानसभा युवक कांग्रेस ने शनिवार को शासकीय मदनलाल शुक्ल महाविद्यालय सीपत के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान मस्तूरी युकां अध्यक्ष सुनील पटेल के नेतृत्व में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया , जिसमें डेढ़ सौ से अधिक नागरिकों ने हस्ताक्षर कर प्रदेश सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में बिजली चोर , गद्दी छोड़ के नारे भी लगाए गए। मस्तूरी विधानसभा युकां अध्यक्ष सुनील पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को महतारी वंदन योजना का लालच देकर घर-घर से बिजली बिल के नाम पर डकैती कर रही है। गरीब और मध्यमवर्ग के लोग महंगाई से पहले ही त्रस्त हैं, ऊपर से दोगुना बिजली बिल थोप दिया गया है। कांग्रेस पार्टी आमजन की आवाज़ को दबने नहीं देगी, यह लड़ाई सडक़ से विधानसभा तक लड़ी जाएगी। सीपत युकां ब्लॉक अध्यक्ष प्रीतेश पनौरे ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं। पहले बिजली सस्ती करने का वादा किया, अब दोगुनी दर पर वसूली की जा रही है। यह सरासर जनता के साथ धोखा है।
युवक कांग्रेस हर गली, हर गांव में सरकार की पोल खोलेगी। हस्ताक्षर अभियान में शामिल ग्रामीणों ने सरकार के खिलाफ खुलकर गुस्सा जाहिर किया। लोगों ने कहा कि हर महीने का बिल पिछले साल से लगभग दोगुना आ रहा है, खेती किसानी और मजदूरी करने वालों के लिए यह असंभव है। वहीं ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि सरकार कहती है महिलाओं को लाभ मिल रहा है, लेकिन बिल का बोझ देखकर पूरे परिवार की नींद उड़ गई है।
इस मौके पर मस्तूरी युवक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील पटेल, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राजू सूर्यवंशी, सीपत ब्लॉक युवक कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतेश पनौरे, ऋषभकांत विजय, जन्मजय पटेल, जय ठाकुर, प्रीतम सूर्यवंशी, विमल तिवारी, सुनील कुमार, रितेश आंचल, गेंदराम पटेल, सोनू सूर्यवंशी, श्याम साहू, मनु यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व नागरिक मौजूद रहे।



