छत्तीसगढ़

शिक्षा की गुणवत्ता ही विकास की असली पहचान: संजय शर्मा

झलमला हाई स्कूल में सम्पन्न हुआ सामाजिक अंकेक्षण, विद्यार्थियों की सहभागिता से गूंजा विद्यालय परिसर

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। शासकीय हाई स्कूल झलमला में मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के तहत मंगलवार को सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा की गुणवत्ता, शैक्षणिक वातावरण और विद्यालय के संसाधनों के उपयोग को लेकर व्यापक समीक्षा की गई। सामाजिक अंकेक्षण दल का नेतृत्व दल प्रभारी श्री संजय शर्मा, प्राचार्य स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय पंधी ने किया।
दल के साथ शाला विकास समिति झलमला के अध्यक्ष पुरुषोत्तम साहू, सरपंच धनलाल साहू, संकुल समन्वयक धर्मेंद्र गौरहा, नोडल शिक्षक एम. एल. खरे सहित सामाजिक अंकेक्षण टीम के सदस्य — राजेश साहू, राजकुमारी साहू, इब्राहिम खान, जयसिंह सिदार, सी. आर. खरे, गीता साहू, अमित कुमार सोनी, श्रीमती मिताली सरकार उपस्थित रहे। दल द्वारा रूब्रिक्स के विभिन्न बिंदुओं पर विद्यार्थियों से संवाद किया गया तथा शिक्षण प्रक्रिया, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, इनडोर स्पोर्ट्स, शौचालय और परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया गया। विद्यार्थियों ने नि:संकोच अपने विचार और अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती संध्या सारथी द्वारा सुव्यवस्थित रूप से किया गया।

प्राचार्य संजय शर्मा ने कहा-
मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान का उद्देश्य केवल अंकेक्षण नहीं, बल्कि विद्यालयों में सार्थक सीखने का वातावरण तैयार करना है। बच्चों की जिज्ञासा, शिक्षकों की निष्ठा और समाज की भागीदारी—ये तीनों शिक्षा की नींव को मजबूत करते हैं। झलमला विद्यालय में विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और शिक्षकों का समर्पण देखकर प्रसन्नता हुई। शिक्षा की गुणवत्ता ही विकास की असली पहचान है, और इस दिशा में झलमला स्कूल उत्कृष्ट उदाहरण बन सकता है।

Related Articles

Back to top button