छत्तीसगढ़

लदेर सेवा संस्था ने बच्चों में जगाई नई उमंग , वितरित किए टाई, बेल्ट और परिचय पत्र

हर बच्चा जब यूनिफॉर्म में दिखता है, तो शिक्षा का गौरव बढ़ता है; सरपंच बसंत साहू ने की संस्था के प्रयास की सराहना

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यालयों की व्यवस्था में सुधार लाने के उद्देश्य से लदेर सेवा संस्था, जांजगीर-चांपा ने एक सराहनीय पहल की है। संस्था ने ग्राम कौवाताल स्थित शासकीय प्राथमिक शाला एवं पूर्व माध्यमिक शाला के कुल 106 बच्चों को टाई, बेल्ट और परिचय पत्र वितरित किए। इस पहल से विद्यार्थियों में अनुशासन और आत्मविश्वास की भावना को सशक्त करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत कौवाताल के सरपंच बसंत साहू थे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों के जीवन की दिशा तय करता है। जब विद्यार्थी एक समान वेशभूषा और अनुशासित व्यवहार में दिखते हैं तो उनमें आत्मविश्वास और एकता की भावना बढ़ती है। संस्था का यह प्रयास प्रेरणादायक है, जिससे बच्चों में शिक्षा के प्रति लगाव और अनुशासन दोनों विकसित होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने की। संचालन संकुल शैक्षिक समन्वयक प्रमोद कुमार पांडेय ने बड़े ही संयमित ढंग से किया। उन्होंने कहा कि लदेर सेवा संस्था जैसे संगठनों की सक्रियता से शिक्षा व्यवस्था में नई ऊर्जा आती है। बच्चों को मिलने वाली यह सामग्री सिर्फ वेशभूषा नहीं, बल्कि उनकी पहचान और जिम्मेदारी का प्रतीक है। आभार प्रदर्शन विद्यालय के प्रधानपाठक रामकिशुन सूर्यवंशी ने किया। उन्होंने संस्था के इस योगदान को विद्यालय के लिए उत्साहवर्धक और ऐतिहासिक बताया।
संस्था की इस पहल में शिक्षक उमेश कुमार (पूर्व मा.शा. मड़ई) की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। उन्होंने इस पूरे आयोजन में समन्वय और सहयोग की मुख्य जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम में प्रधानपाठक एवं टीम लीडर मनीषा गौतम यादव, ललिता साहू, मोहनलाल बघेल, अशोक टोप्पो, कमलेश कुर्रे, सुनील गौरहा, इंद्रभूषण सिंह कौशिक, राजकमल पटेल, पालकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button