छत्तीसगढ़

आकर्षक मानस मंडलियां ने दी मनमोहक प्रस्तुति, सुनने उमड़ रही लोगों की भीड़

पंद्रह वर्षों से जारी भक्ति की परंपरा , नवधा रामायण में गूंज रहे जय श्रीराम के स्वर

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सीपत के तेली धीवर मोहल्ले में चल रहे अखंड नवधा रामायण में इन दिनों भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। यह आयोजन लगातार 15वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है, और हर वर्ष की भांति इस बार भी दूर-दराज़ से आई आकर्षक मानस मंडलियां अपनी मधुर वाणी और लयबद्ध वादन से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही हैं।
मंच पर कलाकारों की मनोहारी प्रस्तुति के दौरान तालियों की गूंज और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है। आकर्षक मंच सज्जा और भक्तिमय संगीत से सुसज्जित यह आयोजन श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींच रहा है। हर शाम आयोजन स्थल पर श्रोताओं की भीड़ उमड़ पड़ती है। श्रद्धालु परिवार सहित कथा सुनने पहुंच रहे हैं। रामायण के प्रसंगों के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों का संदेश दिया जा रहा है। अच्छे गायन-वादन करने वाली मंडलियों को समिति की ओर से कैलेंडर, प्रसाद और श्रीफल देकर सम्मानित किया जा रहा है। भक्तों द्वारा चढ़ोत्तरी और सेवा कार्य में भी उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन समिति ने बाहर से आने वाले कलाकारों के लिए भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था भी की है। कार्यक्रम के आचार्य पं. राजकुमार मिश्र एवं उपाचार्य पं. प्रांशु तिवारी हैं। प्रतिदिन सुबह और शाम श्रद्धालु दीप सजाकर प्रभु श्रीराम की आरती में शामिल हो रहे हैं। दीपों की लौ और भक्ति गीतों के साथ वातावरण आलोकित हो उठता है। अखंड नवधा रामायण का समापन 2 नवंबर को हवन एवं सहस्रधारा के साथ किया जाएगा। आयोजन में समस्त तेली धीवर मोहल्ला व ग्रामवासियों का विशेष सहयोग है, जिनकी सक्रिय भागीदारी इस भव्य आयोजन को और भी यादगार बना रही है।

Related Articles

Back to top button