छत्तीसगढ़

‘भारत की एकता और अखंडता बनाए रखना हर नागरिक का दायित्व : विजय कृष्ण पाण्डेय’

एनटीपीसी सीपत में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ‘एकता दौड़’ का आयोजन

उमड़ा उत्साह और देशभक्ति का जज़्बा , विजेताओं को पदक व स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित, ऊर्जा और एकता का संगम बना परिसर

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। एनटीपीसी सीपत में शुक्रवार 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर ‘एकता दौड़’ और सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर वातावरण में देशभक्ति और एकता का उत्साह झलकता रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं परियोजना प्रमुख विजय कृष्ण पाण्डेय (कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी सीपत) ने लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर सभी अधिकारी-कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता एवं सतर्कता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने जिस दृढ़ संकल्प से भारत को एक सूत्र में पिरोया, वही भावना आज हर नागरिक में जीवित रहनी चाहिए। भारत की एकता और अखंडता बनाए रखना हम सबका कर्तव्य है। सामूहिक प्रयास और निष्ठा ही राष्ट्र को सशक्त बनाती है। शपथ ग्रहण के पश्चात परिसर में ‘एकता दौड़’ का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य महाप्रबंधक, महाप्रबंधकगण, अधिकारी-कर्मचारी, स्पोर्ट्स काउंसिल सदस्य, तथा सीआईएसएफ के अधिकारी व जवान बड़ी संख्या में शामिल हुए। संगवारी महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती साधना पाण्डेय एवं उनकी सदस्याओं ने भी दौड़ में उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन में विशेष ऊर्जा का संचार किया। बाल भारती स्कूल के शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने भी कदम से कदम मिलाते हुए ‘रन फॉर यूनिटी’ में हिस्सा लिया और राष्ट्र की अखंडता, भाईचारे और एकजुटता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर कार्यकारी निदेशक श्री पाण्डेय, वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर विजेता प्रतिभागियों को पदक व स्मृति चिन्ह प्रदान किए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और समरसता बनाए रखने का संकल्प दोहराने की प्रेरणा दी। एनटीपीसी सीपत परिसर इस दिन सचमुच ऊर्जा, एकता और उत्साह का प्रतीक बन गया।

Related Articles

Back to top button