अखंड नवधा रामायण पर पहुँचे जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र धीवर, भक्तिमय माहौल में की पूजा-अर्चना, समिति ने किया सम्मान
ठाकुरदेव मंदिर के पास 20 लाख की लागत से सर्वसमाज भवन निर्माण की घोषणा

श्रीराम के आदर्शों से ही समाज होगा समृद्ध : राजेंद्र धीवर
सीपत (हिमांशु गुप्ता)। तेली धीवर मोहल्ला सीपत में चल रहे अखंड नवधा रामायण के नवम दिवस की संध्या भक्तिमय माहौल से सराबोर रही। शुक्रवार की रात आयोजित इस पावन अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेंद्र धीवर मुख्य रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचकर श्री धीवर ने भगवान श्रीराम के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख, शांति एवं खुशहाली की कामना की। आयोजन समिति ने उनका साल, श्रीफल, कैलेंडर एवं प्रसाद भेंटकर सम्मान किया।
राजेंद्र धीवर ने कहा — ‘रामकथा ही हमारे जीवन का मार्गदर्शन, जनसेवा ही मेरा धर्म, विकास ही मेरा संकल्प ‘
जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र धीवर ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास की गंगा बहाना मेरी प्राथमिकता है। इसके लिए मैं हरसंभव प्रयास करूंगा, पर इसके लिए प्रभु श्रीराम और जनता के आशीर्वाद की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आप सभी ने 15 वर्षों तक मुझे सरपंच के रूप में सेवा का अवसर दिया और आज मैं दूसरे क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य के रूप में कार्य कर रहा हूँ। यह सब प्रभु की कृपा और जनता के विश्वास का परिणाम है। भले मैं दूसरे क्षेत्र से जनप्रतिनिधि हूँ, पर सीपत मेरा घर और आप सब मेरे परिवार के समान हैं। यहां की विकास और जनसमस्याओं का निराकरण मेरा कर्तव्य है। श्री धीवर ने आगे कहा कि रामकथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन का दर्शन है। प्रभु श्रीराम ने हमें सिखाया कि सत्य, मर्यादा और कर्तव्य का पालन ही सच्चा धर्म है। आज समाज अनेक चुनौतियों के दौर से गुजर रहा है, ऐसे में इस तरह के आयोजन एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देते हैं। उन्होंने आयोजन समिति और ग्रामवासियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों से निरंतर हो रहे इस नवधा रामायण आयोजन से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है। मैं प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करता हूँ कि उनका आशीर्वाद सब पर बना रहे।
20 लाख की लागत से ठाकुर देव के पास बनेगा सर्वसमाज भवन
मंच से बोलते हुए जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र धीवर ने घोषणा की कि आने वाले दिनों में सीपत के ठाकुरदेव मंदिर के पास सर्वसमाज के लिए एक सुविधायुक्त भवन का निर्माण 20 लाख रुपए की लागत से कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह भवन सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए समर्पित रहेगा। इस अवसर पर उनके साथ प्रमुख रूप से गुड़ी सरपंच दुर्गा साहू, सीपत चंद्रपुरिहा कसौंधन वैश्य गुप्ता समाज के अध्यक्ष हरिश्चंद्र गुप्ता, पत्रकार हिमांशु गुप्ता, आशुतोष गुप्ता, लक्ष्मी साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्यों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ पूरा कार्यक्रम संपन्न कराया।
आज गन्ना पूजा के साथ होगा तुलसी विवाह , कल सहस्रधारा से होगा समापन
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गन्ना पूजा एवं तुलसी विवाह का आयोजन नवधा रामायण स्थल पर आचार्यों के मंत्रोच्चार के साथ किया जाएगा। कल 2 नवंबर को हवन, सहस्रधारा एवं प्रसादी वितरण के साथ रामायण का समापन होगा। श्रद्धालुओं में आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।




