
सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ग्राम पंचायत पंधी में 2 नवंबर रविवार को सामुदायिक भवन परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। यह शिविर सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगा। ग्राम पंचायत एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं व ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है। रक्तदान करने वाले प्रत्येक रक्तदाता को प्रोत्साहन स्वरूप हेलमेट, इयरफोन अथवा लर्निंग लाइसेंस प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा सभी रक्तदाताओं को अभिनंदन पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा। पंधी के सरपंच वीरेंद्र साहू ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और ‘रक्तदान-जीवनदान’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में उपस्थित होकर रक्तदान करने की अपील की है।



