छत्तीसगढ़

आत्मानंद स्कूल सीपत में आयोजित जोन स्तरीय बैठक में 110 स्कूलों के प्रधानपाठक हुए शामिल , शिक्षा की गुणवत्ता और जवाबदेही हमारी प्राथमिकता : बीईओ शिवराम टंडन

स्कूल शिक्षा से लेकर समग्र शिक्षा, पीएम श्री योजना और यूडाइस सुधार तक 28 बिंदुओं पर चर्चा

बीईओ बोले – अब हर शिक्षक को अपने दायित्वों के प्रति रहना होगा सजग और अनुशासित

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। आत्मानंद स्कूल सीपत में सोमवार को शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्रधानपाठकों की जोन स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में मस्तूरी विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी शिवराम टंडन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक का संचालन संकुल समन्वयक श्रीकांत श्रीवास ने किय। बीईओ शिवराम टंडन ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता तभी बढ़ेगी जब शिक्षक अपने उत्तरदायित्व को पूर्ण समर्पण से निभाएंगे। विद्यालयों में अनुशासन, नियमितता और पारदर्शिता आवश्यक है। विभागीय योजनाओं का प्रभाव तभी दिखेगा जब उन्हें जमीनी स्तर पर ईमानदारी से लागू किया जाए।
उन्होंने आगे कहा कि अब समय परिणामोन्मुख कार्य का है। जो भी शिक्षक लंबे समय से अनुपस्थित हैं या अपनी जिम्मेदारी से विमुख हैं, उन पर सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही जो शिक्षक नवाचार और मेहनत से विद्यालय का मान बढ़ा रहे हैं, उन्हें सम्मानित किया जाएगा। बीईओ ने विद्यालयों में स्वच्छता, नशा मुक्ति, बाल सुरक्षा, शिक्षा गुणवत्ता सुधार जैसे बिंदुओं पर विशेष बल देते हुए कहा कि हर प्रधानपाठक अपने विद्यालय को आदर्श विद्यालय बनाने का संकल्प लें। हमारे विद्यार्थी देश का भविष्य हैं — उन्हें बेहतर वातावरण देना हमारा कर्तव्य है।
संकुल समन्वयक श्रीकांत श्रीवास ने कहा कि बैठक में लिए गए प्रत्येक निर्णय को विद्यालय स्तर पर गंभीरता से लागू किया जाएगा। संकुल स्तर पर हर महीने प्रगति की समीक्षा होगी ताकि योजनाओं का असर वास्तविक रूप से दिखे। बैठक में कुल 28 बिंदुओं पर क्रमवार चर्चा की गई, जिनमें निर्माण कार्य प्रगति, समग्र शिक्षा अभियान, पीएम श्री योजना, सेजेस अपडेट, नवीन शौचालय निर्माण, भवन विहीन विद्यालयों की स्थिति, यूडाइस अपडेट, शिक्षक प्रोफाइल सुधार, मर्ज शाला संसाधन, युथ इको क्लब, स्वेच्छाउत्सव रंगरोगन, बैगलेस डे गतिविधियां, बालवाड़ी आंकलन, जाति-निवास-आय प्रमाणपत्र सत्यापन, विभागीय निरीक्षण कार्ययोजना, मध्यान्ह भोजन गुणवत्ता, साइकिल वितरण, शिक्षा गुणवत्ता मूल्यांकन सहित अनेक मुद्दे शामिल रहे। इस अवसर पर सीपत बालक संकुल समन्वयक श्रीकांत श्रीवास, कन्या संकुल समन्वयक प्रमोद कुमार पाण्डेय, रामबाबू कर्ष, तुलेश्वर सिंह कौशिक, रमेश पटेल, धर्मेंद्र प्रकाश गौरहा, रामप्रसाद साहू, सेजेस प्रभारी प्राचार्य सरिता यादव, कन्या प्राचार्य ए.बी. कुजूर, जांजी स्कूल प्राचार्य ज्योति तिर्की, दर्राभांठा स्कूल प्राचार्य सुजय शरण, गायत्री कौशिक, रजनीश अरोरा, दिलीप पाटले सहित 110 विद्यालयों के प्रधानपाठक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button