बाल भारती पब्लिक स्कूल का 20वां वार्षिकोत्सव, ‘सिविक युनिटास’ की चमक ने रचा नए नागरिक संस्कारों का कीर्तिमान
सांस्कृतिक मंचन बच्चों में अनुशासन, जागरूकता और जिम्मेदार नागरिकता की नींव करता है मजबूत : पांडेय

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। बाल भारती पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी सीपत का बीसवाँ वार्षिकोत्सव ‘सिविक युनिटास’ (नागरिक चेतना एवं सामाजिक एकता) की उदात्त थीम पर 17 नवंबर 2025 को भव्यता और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। यह समारोह विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति जि़म्मेदारी और सामाजिक सद्भाव की भावना को प्रतिष्ठित करने के उद्देश्य से समर्पित था। इस गरिमामय आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में एनटीपीसी सीपत के कार्यकारी निदेशक श्री विजय कृष्ण पाण्डेय जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुश्री रेखा शर्मा (सचिव/ प्रबंधक, बाल भारती पब्लिक स्कूल, सीपत) ने की। इनके अतिरिक्त, विद्यालय समिति के उपाध्यक्ष और अन्य अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मंगलाचरण के साथ हुआ। तत्पश्चात प्रतिभाशाली छात्रों ने नाटक, मनमोहक सामूहिक नृत्य, प्रेरणादायक गीत, योगाभ्यास और कव्वाली के माध्यम से सुदृढ़ नागरिक-बोध की भावना का सशक्त संदेश मंच पर प्रस्तुत किया। इसी अवसर पर।अतिथियों तथा दर्शकों के द्वारा स्क्रीन पर प्रदर्शित क्यू आर कोड के स्कैनिंग के माध्यम से विद्यालय की ई -पत्रिका ‘सागरिका’ का अनावरण हुआ। विद्यालय के प्राचार्य श्री शलभ निगम ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें विद्यालय की वर्ष भर की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण दिया गया।
इस अवसर पर मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे उनके परिश्रम को प्रोत्साहन मिला। अपने प्रभावी संबोधन में सुश्री रेखा शर्मा ने शिक्षा के समग्र दृष्टिकोण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में दी जाने वाली आधुनिक शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि छात्रों में नागरिक बोध की भावना का बीजारोपण करना है। बाल भारती पब्लिक स्कूल केवल छात्रों की शैक्षणिक प्रगति पर ही ध्यान केंद्रित नहीं करता, बल्कि चरित्र निर्माण और सर्वांगीण विकास को अपनी प्राथमिकता मानता है। मुख्य अतिथि श्री विजय कृष्ण पाण्डेय ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम छात्रों के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बाल भारती बच्चों को जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाने की दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन और राष्ट्रगान के साथ सम्पन्न हुआ।

