फसल का एक-एक दाना सुरक्षित रहेगा, किसानों को मिलेगी हर सुविधा: तहसीलदार सोनू अग्रवाल
सीपत धान खरीदी केंद्र में समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू , तहसीलदार ने किया कृषक तामेश्वर का गमछा पहनाकर सम्मान

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सेवा सहकारी समिति सीपत धान खरीदी केंद्र में गुरुवार को समर्थन मूल्य 3100 रुपए क्विंटल पर धान खरीदी का शुभारंभ गरिमामय तरीके से हुआ। अतिथियों ने तराजू का पूजन तिलक, श्रीफल फोडऩे और धान तौलने की विधि पूरी कर खरीदी प्रक्रिया का शुभारंभ किया। पहले ही दिन किसान एजेंद्र तामेश्वर सिंह कौशिक ने अपना 12 क्विंटल 80 किलो धान सोसायटी में बेचकर शुरुआत की।
तहसीलदार सोनू अग्रवाल ने कहा कि सुव्यवस्थित खरीदी हमारी जिम्मेदारी है। किसान हमारी प्राथमिकता, व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त हो। तहसीलदार ने धान खरीदी केंद्र का विस्तृत निरीक्षण करते हुए बारदाने की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था, तौल प्रक्रिया, स्टोरेज सिस्टम और किसानों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धान खरीदी सीजन में किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। पर्याप्त बारदाना, सटीक तौल, सुरक्षित भंडारण और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। 25 नवंबर से किसान पंजीयन भी समय पर होगा। प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उनके ये शब्द सुनकर उपस्थित किसानों में उत्साह और भरोसा दोनों देखने को मिला। भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष तामेश्वर सिंह कौशिक ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। समर्थन मूल्य पर खरीदी से किसानों को आर्थिक मजबूती मिलती है। सीपत केंद्र की व्यवस्था सराहनीय है। भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि धान खरीदी केंद्र पर स्वच्छ और पारदर्शी व्यवस्था से किसान निश्चिंत होकर धान बेच सकते हैं। किसान खुशहाल होगा तो गांव मजबूत होगा। सरपंच प्रतिनिधि योगेश वंशकार ने कहा कि किसानों को बेहतर सुविधा देना हमारी पहली प्राथमिकता है। खरीदी केंद्र में पानी, छाया, तौल और सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मॉनिटर किया जा रहा है।
पहले किसान तामेश्वर कौशिक का सम्मान
धान बेचने पहुंचे प्रथम किसान तामेश्वर सिंह कौशिक का तहसीलदार सोनू अग्रवाल ने गमछा पहनाकर सम्मान किया। यह दृश्य किसानों में आत्मीयता और उत्साह भर देने वाला था। इस दौरान भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष तामेश्वर सिंह कौशिक, मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, सरपंच प्रतिनिधि मनीषा योगेश वंशकार, राजकुमार कौशिक, गोरे शर्मा, पंचराम साहू, प्रबंधक अमित वर्मा, धनवंतरीभूषण कौशिक, ऑपरेटर रमेश साहू, जगन्नाथ कश्यप सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।



