नवाडीह में कलश यात्रा के साथ अखंड नवधा रामायण शुरू, आकर्षक मानस मंडलियां दे रही प्रस्तुति
गूंज रहा श्रीराम नाम, श्रद्धा और भक्ति का दिव्य संगम , श्रद्धालुओं का उमड़ रहा सैलाब

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। नवाडीह सीपत में प्रत्येक वर्ष की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी 21 नवंबर से अखंड नवधा रामायण का अत्यंत भव्य और आध्यात्मिक शुभारंभ किया गया। आयोजन की शुरुआत श्रद्धा, आस्था और उल्लास से परिपूर्ण कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें महिलाओं व युवतियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। एक समान परिधान में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर बाजा गाजा के साथ जल लेकर नगर भ्रमण किया और पुन: रामायण स्थल पहुंचकर विधिवत पूजा अर्चना संपन्न की।
कलश यात्रा के दौरान ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र राममय हो उठा। अखंड रामायण के दौरान दूर-दराज क्षेत्रों से आई आकर्षक मानस मंडलियां प्रतिदिन अपनी मधुर प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर रही हैं। गायन-वादन के क्षेत्र में अपनी कला एवं प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाली इन मंडलियों को समिति की ओर से श्रीफल, कैलेंडर एवं प्रसाद भेंट कर सम्मानित भी किया जा रहा है। सुबह और शाम प्रभु जयघोष के साथ भगवान श्रीराम की भव्य आरती की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। प्रतिदिन स्थल पर श्रद्धालुओं का भारी जनसमूह उमड़ रहा है, जिससे पूरा नवाडीह के साथ क्षेत्र धार्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया है।
आयोजन के आचार्य पं. पुरुषोत्तम मिश्रा के मार्गदर्शन में यह पावन आयोजन अनुशासित एवं भव्य रूप से संपन्न हो रहा है। 1 दिसंबर को हवन एवं सहस्त्रधारा के साथ अखंड नवधा रामायण का विधिवत समापन किया जाएगा। इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्यों के साथ-साथ नवाडीह एवं आसपास के समस्त ग्रामवासियों का विशेष योगदान सराहनीय रहा है।


