छत्तीसगढ़

डिफेंस ताइक्वांडो क्लब का मयंक नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए चयनित , जिले को किया गौरवान्वित

मेहनत, अनुशासन और जुनून से मयंक ने हासिल किया राष्ट्रीय मंच का टिकट : सूर्यप्रकाश चंद्राकर

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ताइक्वांडो के क्षेत्र में सीपत ने एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। डिफेंस ताइक्वांडो क्लब मोपका के होनहार खिलाड़ी मयंक यादव का चयन नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए किया गया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 26 दिसंबर से 2 जनवरी तक अरुणाचल प्रदेश में आयोजित होगी, जिसमें देशभर के चयनित खिलाड़ी अपने कौशल और ताकत का प्रदर्शन करेंगे। मयंक यादव की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। खेल प्रेमियों और युवाओं में उत्साह का माहौल है। मयंक की इस सफलता को जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है।
डिफेंस ताइक्वांडो क्लब मोपका के संचालक सूर्यप्रकाश चंद्राकर ने मयंक की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि मयंक यादव ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए दिन रात कड़ी मेहनत की है। उसका अनुशासन, समर्पण और लगन काबिल-ए-तारीफ है। सीमित संसाधनों के बावजूद उसने कभी हार नहीं मानी। हमें पूरा विश्वास है कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्लब और जिले का नाम रोशन करेगा। यह सफलता अन्य खिलाडिय़ों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। उन्होंने आगे कहा कि डिफेंस क्लब मोपका निरंतर ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशने का कार्य कर रहा है और भविष्य में और भी खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे। उल्लेखनीय है कि मयंक यादव काफी समय से कठिन प्रशिक्षण और अनुशासित अभ्यास में जुटे हुए थे। नियमित अभ्यास, फिटनेस और तकनीकी कौशल के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Related Articles

Back to top button