किसान हमारे अन्नदाता , ग्राम पंचायत हरसंभव उनकी सेवा के लिए तत्पर : दुष्यंत
धनियां उपार्जन केंद्र में धान खरीदी का भव्य शुभारंभ, सुव्यवस्थित तरीके से हो रही खरीदी , किसानों को मिल रही सुविधा

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सीपत तहसील क्षेत्र के ग्राम धनियां स्थित उपार्जन केंद्र में शुक्रवार को धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। पहले ही दिन किसान 16.40 क्विंटल धान लेकर केंद्र पहुंचे। खरीदी की शुरुआत किसान कमल पाटनवार के धान से हुई, जिन्हें अतिथियों द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर भाजपा सीपत मंडल महामंत्री सतीशचंद्र पाटनवार, सरपंच दुष्यंत यादव, भाजपा नेता बलराम पाटनवार, प्रबंधक कमल पाटनवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता बलराम पाटनवार ने कहा कि धान खरीदी केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि किसान के परिश्रम का सम्मान है। सरकार की मंशा है कि एक एक दाने की खरीदी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से हो। धनियां केंद्र पर की गई व्यवस्थाएं इस बात का प्रमाण हैं कि किसान हित सर्वोपरि है। सरपंच दुष्यंत यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारे ग्राम के किसान मेहनती हैं और उनकी फसल ही हमारी असली पूंजी है। समय पर खरीदी शुरू होना ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत है। ग्राम पंचायत किसानों के साथ खड़ी है और हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगी। वहीं केंद्र प्रबंधक कमल पाटनवार ने व्यवस्था की जानकारी देते हुए कहा कि इस वर्ष तौल, भुगतान और परिवहन की प्रक्रिया को सुचारू बनाने विशेष इंतजाम किए गए हैं। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रूप से संचालित की जा रही है। पहले दिन किसानों की सक्रिय उपस्थिति से केंद्र परिसर में उत्साह का माहौल नजर आया।
किसानों ने बताया कि मौसम की अनिश्चितता के बावजूद उत्पादन संतोषजनक रहा है और समय पर खरीदी प्रारंभ होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। प्रशासन द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्लिप के अनुसार ही धान लेकर केंद्र पहुंचे, ताकि खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके। कार्यक्रम में भाजपा नेता बलराम पाटनवार, मदनलाल पाटनवार, तुषितराम, द्वारिका पाटनवार, रमन गिर गोस्वामी, जिला सहकारी बैंक शाखा धनिया के पर्यवेक्षक जीतेंद्र तिवारी, कम्प्यूटर ऑपरेटर राजेश्वर विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व किसान उपस्थित रहे। धान की खुशबू और किसानों की मुस्कान के साथ धनियां उपार्जन केंद्र ने इस वर्ष की खरीदी को एक नई ऊर्जा और भरोसे के साथ प्रारंभ किया।



