छत्तीसगढ़

उल्लास महापरीक्षा अभियान सामूहिक प्रयासों से ही होगा सफल : बीईओ टंडन

मस्तूरी विकासखंड में 7 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान परीक्षा के लिए मास्टर ट्रेनर्स का ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण सम्पन्न

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशन में विकासखंड मस्तूरी में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु बीआरसी प्रशिक्षण सभागार में ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का शुभारंभ विकासखंड शिक्षा अधिकारी मस्तूरी एस.आर. टंडन, विकासखंड स्रोत समन्वयक सूरज क्षत्री तथा ब्लॉक समन्वयक राजेश क्षत्री द्वारा माता सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीईओ एस.आर. टंडन ने कहा कि राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा एक व्यापक महायोजना है, जिसे सफलता तक पहुँचाने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत एवं महिला-बाल विकास विभाग सहित आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी मास्टर ट्रेनर्स से बेहतर तालमेल के साथ अधिक से अधिक शिक्षार्थियों को जोडऩे की अपील की। बीआरसीसी मस्तूरी एवं साक्षर भारत ब्लॉक समन्वयक ने भी परीक्षा महाभियान में सभी विभागों एवं सामाजिक सहयोगियों को जोडक़र लक्ष्य प्राप्ति करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण प्रभारी शिवनाथ यादव ने विकासखंड मस्तूरी के 56 उल्लास परीक्षा केंद्रों, 5000 शिक्षार्थियों के लक्ष्य, तथा आयोजन की संपूर्ण रूपरेखा से अवगत कराया। इसके पश्चात मास्टर ट्रेनर्स जितेंद्र नायक एवं सीमा राजगीर ने 7 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाली शिक्षार्थी आकलन परीक्षा की प्रक्रिया, परीक्षा केंद्रों की भूमिका, केंद्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों के कार्य तथा पूर्व में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों को प्रमाणपत्र वितरण संबंधी जानकारी विस्तार से प्रस्तुत की।
प्रशिक्षण में बताया गया कि यह महाभियान समाज के हर वर्ग को जोडऩे का एक बड़ा प्रयास है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत, महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ-साथ आम नागरिकों की सहभागिता इसे सफल बनाती है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित मास्टर ट्रेनर्स एवं प्रतिभागियों द्वारा उल्लास साक्षरता शपथ ली गई तथा प्रशिक्षण सत्र सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर बीईओ मस्तूरी शिवराम टंडन, बीआरसीसी सूरज क्षत्री, ब्लॉक समन्वयक राजेश क्षत्री, प्रशिक्षण प्रभारी शिवनाथ यादव, मास्टर ट्रेनर्स जितेंद्र नायक, सीमा राजगीर, हिमांशु शर्मा, कमलेश खोभ्रगढे, विनीता सिंह, जैनेंद्र गुप्ता, गोपी नायक, दीपक शर्मा सहित सभी संकुल स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button